EU Commission: शीर्ष पद को लेकर फ्रांस और जर्मनी में मतभेद

ब्रसेल्स । संसदीय चुनाव के नतीजे आने के बाद यूरोपीय यूनियन (ईयू) के शीर्ष पद को लेकर कवायद शुरू हो गई है। ईयू कमीशन के अध्यक्ष पद को लेकर यहां यूरोपीय देशों के नेताओं की बैठक हुई। लेकिन फ्रांस और जर्मनी में इस बात को लेकर सहमति नहीं बन पाई कि अध्यक्ष किसे बनना चाहिए।

जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल सेंटर-राइट उम्मीदवार मैनफ्रेड वेबर को ईयू कमीशन के अध्यक्ष पद पर देखना चाहती हैं। लेकिन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनके नाम का जिक्र तक नहीं किया। जर्मनी और फ्रांस के नेताओं की अलग-अलग राय यहां मंगलवार को हुई ईयू नेताओं की बैठक में सामने आई। यह बैठक ईयू के नए सियासी परिदृश्य और उन नामों पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी जो शीर्ष पदों पर बैठ सकते हैं। वैसे चुनाव नतीजों से पहले ही लग रहा था कि अध्यक्ष पद पर सहमति बनना आसान नहीं होगा।

मध्यमार्गी दलों ने गंवाया बहुमत

ईयू संसद के लिए यूरोप के देशों में गत 23 से 26 मई तक हुए मतदान में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। चुनाव में मध्यमार्गी दलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। इस धड़े ने पिछली बार मिले बहुमत को गंवा दिया। चुनाव में ग्रीन और राष्ट्रवादी पार्टियों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ। चुनाव में जर्मनी के वेबर की यूरोपीय पीपुल्स पार्टी सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी है। उसे 180 सीटें मिली हैं। पिछली बार उसे 217 सीटें मिली थीं।

हर पांच साल में होता है चुनाव

751 सदस्यीय यूरोपीय संसद के सदस्य सीधे जनता के बीच से चुने जाते हैं। ये चुनाव 1979 से हर पांच साल पर कराए जा रहे हैं। इसमें यूरोपीय देशों की सियासी पार्टियां हिस्सा लेती हैं। संसद में ईयू के सभी 28 देशों को जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिला है।

इस तरह काम करती है संसद

ईयू संसद के सदस्यों को एमईपी (मेंबर ऑफ यूरोपियन पार्लियामेंट) कहा जाता है। वे ब्रसेल्स और स्ट्रासबर्ग में बैठते हैं। संसद के प्रमुख विधायी कामकाज में यूरोपीय कमीशन द्वारा प्रस्तावित कानूनों को परखना और उन्हें पारित करना है। ईयू के बजट पर भी यहीं मुहर लगती है। संसद के जरिये ही कमीशन के अध्यक्ष का चुनाव भी होता है।

क्या है ईयू कमीशन

ईयू कमीशन एक प्रभावशाली संस्था है। इस पर ईयू के नियमों को प्रभावी करने और नए कानून का मसौदा तैयार करने का जिम्मा है। ईयू कमीशन के अध्यक्ष इस समय जीन-क्लाउड जंकर हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने वाला है। 2014 में यूरोपीय पीपुल्स पार्टी की जीत के बाद वह कमीशन के अध्यक्ष चुने गए थे।

  • Related Posts

    अमेरिका का खेल खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र भी नहीं बचेगा’, एलन मस्क ने 2028 को लेकर क्यों दी चेतावनी?

    डेमोक्रेट्स के तीनों मोर्चों पर जीतने की स्थिति में राजनीतिक व्यवस्था बदलने का दावा अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले अरबपति कारोबारी और स्पेसएक्स के…

    मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों की बदलेगी तस्वीर, सीएम मोहन यादव ने शुरू किया विकास अभियान

    बालाघाट के चार विकासखंडों में गांव-गांव पहुंच रहे अधिकारी, ग्रामीणों से सुझाव लेकर तैयार होगी विकास की कार्ययोजना भोपाल। मध्य प्रदेश में नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आए क्षेत्रों को…