देश की पहली रैपिड ट्रेन को पीएम आज दिखाएंगे हरी-झंडी:’नमो भारत’ के पहले यात्री होंगे मोदी, 34 KM तक का सफर करेंगे

इंतजार की घड़‍ियां खत्‍म होने वाली हैं. आज पीएम नरेंद्र मोदी देश को पहली रैपिड ट्रेन का तोहफा देंगे. 160 किमी प्रति घंटा की अधिकतम रफ्तार से चलने वाली ये ट्रेन 60 मिनट में 100 किलोमीटर के सफर को तय करेगी. पीएम मोदी आज इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इस ट्रेन को ‘नमो भारत’ के नाम से जाना जाएगा. प्रथम चरण में नमो भारत 17 किलोमीटर लंबे प्रायॉरिटी सेक्शन साहिबाबाद से दुहाई के बीच चलेगी. इस बीच 5 स्‍टेशन होंगे. आज नमो भारत के उद्घाटन के बाद 21 अक्‍टूबर शनिवार से आम नागरिक भी इसके सफर का आनंद ले सकेंगे. बता दें कि प्रधानमंत्री ने 8 मार्च 2019 को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर की आधारशिला रखी थी

आज शुक्रवार को उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सुबह करीब 11:15 बजे नमो भारत को हरी झंडी दिखाएंगे. पीएम मोदी फ्लैग ऑफ करने के बाद यात्रा भी करेंगे. वे ऑनलाइन टिकट खरीदकर नमो भारत के पहले यात्री बनेंगे. पीएम के साथ इस ट्रेन में स्‍कूल बच्‍चे भी सफर का आनंद लेंगे. करीब 12 बजे तक पीएम वसुंधरा में होने वाली जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे. यहां करीब 1 घंटे तक वे जनता को संबोधित करेंगे और यहीं से वे बेंगलुरु मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को भी जनता को समर्पित करेंगे.

82 किलोमीटर लंबे दिल्‍ली-मेरठ कॉरिडोर फिलहाल निर्माणाधीन है. इसका 14 किमी का हिस्सा दिल्ली में, जबकि 68 किमी का हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा. पहले फेज में 17 किलोमीटर के प्राथमिकता खंड को शुरू किया जा रहा है. इसमें पांच स्‍टेशन साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई-डिपो शामिल हैं. पहले चरण के बाद इस प्रोजेक्ट को दुहाई से मेरठ तक बढ़ाया जाएगा. माना जा रहा है कि 2025 तक ये ट्रेन दिल्‍ली से मेरठ के बीच दौड़ती नजर आएगी. सफर सिर्फ 55 से 60 मिनट में पूरा होगा.

इस ट्रेन में एक डिब्बा महिलाओं के लिए आरक्षित होगा. यह प्रीमियम कोच के बाद दूसरा कोच होगा. इसके अलावा ट्रेन के अन्य कोचों में भी महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित हैं. साथ ही, प्रत्येक कोच में विकलांग यात्रियों/वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी सीटें आरक्षित हैं. रैपिडएक्स ट्रेन में 6 डिब्बे हैं जिनमें लगभग 1700 यात्री एक साथ यात्रा कर सकते हैं. हर स्टैंडर्ड कोच में 72 सीटें और प्रीमियम कोच में 62 सीटें उपलब्ध हैं. ट्रेन के प्रीमियम कोच में रिक्लाइनिंग सीटें, कोट हुक, मैगजीन होल्डर और फुटरेस्ट जैसी कई अतिरिक्त यात्री-केंद्रित सुविधाएं होंगी. दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाला पहला कोच और मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाला अंतिम कोच प्रीमियम कोच होगा.दोनों ओर से पहली रेलगाड़ी छह बजे और अंतिम सेवा रात 11 बजे उपलब्ध रहेगी.

 

  • Related Posts

    जल प्रहरी सम्मान–2026: देश के 31 जल संरक्षक सम्मानित, मध्य प्रदेश की सावित्री श्रीवास्तव को मिला राष्ट्रीय सम्मान

    नई दिल्ली। जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पर्यावरण संतुलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देशभर के 31 जल संरक्षकों को ‘जल प्रहरी सम्मान–2026’ से सम्मानित किया…

    Gwalior Madarsa Raid: ग्वालियर में बिना मान्यता चल रहे मदरसे पर छापा, बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं में मिलीं खामियां

    By: Ravindra Singh Gwalior Madarsa Raid: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में झांसी रोड स्थित एजी ऑफिस पुल के पास संचालित दारुल कुरान मदरसा जांच के दायरे में आ गया है।…