मंत्री विजयवर्गीय का सामाजिक बदलाव पर कटाक्ष बोले – कम कपड़े वाली लड़कियां मुझे अच्छी नहीं लगती

इंदौर

 कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने महिलाओं के पहनावे पर टिप्पणी की है. इंदौर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों में कम कपड़े पहनने वाली लड़कियों को सुंदर माना जाता है, लेकिन वे इस सोच से सहमत नहीं हैं. उनके इस बयान ने विवाद को जन्म दे दिया है, खासकर तब जब हाल ही में एक अन्य कैबिनेट मंत्री विजय शाह का कर्नल सोफिया पर दिया बयान भी चर्चा में था.

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ”एक पाश्चात्य कहावत है, जो अच्छी नहीं है. विदेशों में कम कपड़े पहनने वाली लड़की को अच्छा मानते हैं, लेकिन हमारे यहां अच्छे कपड़े, श्रृंगार और गहने पहनने वाली लड़की को सुंदर माना जाता है.”

उन्होंने आगे कहा, ”विदेशों में यह भी कहते हैं कि जैसे कम कपड़े पहनने वाली लड़की सुंदर होती है, वैसे ही कम बोलने वाला नेता भी अच्छा होता है. मैं इस कहावत को नहीं मानता. मेरे लिए महिलाएं देवी का स्वरूप हैं, उन्हें अच्छे कपड़े पहनने चाहिए.”

हालांकि, बयान के अंत में उन्होंने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा, ”मुझे कम कपड़े पहनने वाली लड़कियां अच्छी नहीं लगतीं. जब बच्चियां सेल्फी लेने आती हैं, तो मैं कहता हूं, बेटा, पहले अच्छे कपड़े पहनकर आना, फिर सेल्फी लेंगे.”

यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग इसे उनकी व्यक्तिगत राय मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे महिलाओं के पहनावे पर अनुचित टिप्पणी बता रहे हैं.

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब विजय शाह के एक बयान को लेकर विवाद अभी ठंडा भी नहीं हुआ था. कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान से नया विवाद खड़ा होने की संभावना है.

 

  • Related Posts

    मुरैना में BJP के नए संभागीय कार्यालय का उद्घाटन, CM मोहन यादव बोले- यहां तैयार होंगे समर्पित कार्यकर्ता

    मुरैना में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित संभागीय कार्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों से तैयार की…

    ग्वालियर में रिटायर्ड फौजी ने घर में गोली मारकर की आत्महत्या, लाइसेंसी पिस्टल से सिर में मारी गोली

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दुखद घटना सामने आई है। हजीरा थाना क्षेत्र के लाइन नंबर एक में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी ने अपने घर…