पंजाब के पटियाला जिले में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई। आग और डिब्बों से उठते धुएं को देखकर यात्री घबरा गए। अपनी जान बचाने के लिए कई लोग सामान छोड़कर ट्रेन से नीचे कूद गए। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होते ही रोकी गई ट्रेन
नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सुरक्षा सिस्टम सक्रिय हुआ, जिसके बाद गाड़ी सुरक्षित रूप से रोक दी गई। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है और मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
शुरुआती सूचनाओं में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की। यात्रियों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित डिब्बों में लगी आग पर नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
बसंतपुरा स्टेशन के पास भी बताई गई घटना की जगह
सूत्रों के मुताबिक, आग लगने की घटना राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई। यह इलाका एक गांव के नजदीक स्थित है। घटनास्थल की तस्वीरों में ट्रेन के कई डिब्बों से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारी और आपातकालीन कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
अंबाला रेलवे डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी नीरज ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि डीआरएम विनोद कुमार भाटिया घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।





