गुना कलेक्टर ने जीता दिल… दिव्यांग को नई व्हील चेयर पर बैठाकर भेजा, पेंशन भी शुरू कराई

गुना 
मध्य प्रदेश के गुना में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक दिव्यांग को व्हीलचेयर पर सहारा देते नजर आ रहे हैं. इस मानवीय संवेदना से भरे कृत्य ने लोगों का दिल जीत लिया है. 

एक हादसे में अपने पैर गंवा चुके दिव्यांग हरवीर रजक अपनी पत्नी के साथ जनसुनवाई में कलेक्टर कन्याल के पास पहुंचे थे. उन्होंने व्हीलचेयर और पेंशन की गुहार लगाई. कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हरवीर को नई व्हीलचेयर, 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता और प्रतिमाह 600 रुपये की दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कराई. पेंशन को जनपद पंचायत गुना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पेंशन पोर्टल के माध्यम से प्रभावी किया गया.

कलेक्टर कन्याल ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रभारी उपसंचालक अब्दुल गफ्फार को त्वरित निर्देश दिए. इतना ही नहीं, वह इतने भावुक हुए कि खुद हरवीर को व्हीलचेयर पर बैठाकर जनसुनवाई कक्ष से बाहर तक छोड़ने आए. व्हीलचेयर, आर्थिक सहायता और पेंशन मिलने के बाद हरवीर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने हाथ जोड़कर कलेक्टर को धन्यवाद दिया.

हरवीर रजक ने बताया कि हादसे के बाद उनकी जिंदगी मुश्किल हो गई थी, लेकिन कलेक्टर की मदद ने उन्हें नया सहारा दिया. वहीं, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा, “हरवीर ने आवेदन दिया था कि हादसे में उनके पैर खराब हो गए हैं. शासकीय योजनाओं के तहत उन्हें मदद दी गई है. जरूरतमंद की सेवा करना हमारा कर्तव्य है.”

यह घटना इसलिए चर्चा में आई, क्योंकि शाजापुर कलेक्टर रहते हुए आईएएस अफसर किशोर कन्याल ने एक ट्रक ड्राइवर से बहस के दौरान कह दिया था कि ”तुम्हारी औकात क्या है?” इस पूरे वाकए का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. लेकिन इस बार उनकी संवेदनशीलता और मानवीयता ने लोगों का ध्यान खींचा है. 

 

  • Related Posts

    मुरैना में BJP के नए संभागीय कार्यालय का उद्घाटन, CM मोहन यादव बोले- यहां तैयार होंगे समर्पित कार्यकर्ता

    मुरैना में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित संभागीय कार्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों से तैयार की…

    ग्वालियर में रिटायर्ड फौजी ने घर में गोली मारकर की आत्महत्या, लाइसेंसी पिस्टल से सिर में मारी गोली

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दुखद घटना सामने आई है। हजीरा थाना क्षेत्र के लाइन नंबर एक में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी ने अपने घर…