भोपाल रेल मंडल में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न

योगाभ्यास, प्रधानमंत्री जी का लाइव संदेश व ‘योग शपथ’ के साथ मनाया गया योग दिवस

भोपाल।

मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आज दिनांक 21 जून 2025 को पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में किया गया। यह आयोजन हबीबगंज स्थित नर्मदा क्लब के सभागार कक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। साथ ही मंडल के सभी स्टेशनों पर योग दिवस धूमधाम से मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत योगाचार्य डॉ. सुरुचि जैन के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी, डब्ल्यूडब्ल्यूओ अध्यक्षा श्रीमती गुंजन त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक  श्रीमती रश्मि दिवाकर, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह सहित मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

योगाभ्यास उपरांत मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “योग शपथ” दिलाई और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है, जो प्रत्येक रेलकर्मी के लिए तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन हेतु अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के योग दिवस पर राष्ट्र को संबोधित लाइव प्रसारण को भी सभी ने सामूहिक रूप से देखा एवं सुना। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि उपस्थित प्रतिभागियों को इस अवसर हेतु विशेष रूप से योगा टी-शर्ट भेंट की गई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक प्रेरणादायक बना।

कार्यक्रम के समापन पर स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई, जिससे सहभागियों को आपसी संवाद और उत्साहवर्धन का अवसर मिला।

इस आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल न केवल अपने कार्य निष्पादन में अग्रणी है, बल्कि कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।

  • Related Posts

    गुना में स्कूटर खड़ी करते ही अचानक गिरे अधिवक्ता, दो सेकेंड में मौत; CCTV में कैद हुई घटना

    गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक वरिष्ठ अधिवक्ता की अचानक मौत का मामला सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित वकील लोकेंद्र श्रीमाल घर के बाहर अपनी स्कूटर खड़ी…

    टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शराब कारोबार के हिसाब-किताब की डायरी और लाखों की नकदी जब्त

      देवास। खातेगांव के थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में पुलिस को शराब तस्करी के नेटवर्क और उसके आर्थिक लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस…