By: Ravindra Singh
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और तलाशी अभियान शुरू कराया। हालांकि, जांच के दौरान स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में पुलिस ने सूचना देने वाले मोबाइल नंबर की पड़ताल की, जिसमें पता चला कि भिंड जिले से एक युवक ने फर्जी कॉल कर बम होने की जानकारी दी थी। भिंड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पहुंचा पुलिस बल
पुलिस कंट्रोल रूम को रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों को तत्काल इसकी जानकारी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस बल को स्टेशन रवाना किया गया। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने की तलाशी
रेलवे स्टेशन पर पुलिस, आरपीएफ और जीआरपीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी अभियान में डॉग स्क्वाड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड को भी शामिल किया गया। स्टेशन परिसर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी बम या कोई अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और सूचना देने वाले नंबर की जांच शुरू की।
भिंड के गोहद से गिरफ्तार हुआ आरोपी
मोबाइल नंबर की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कॉल भिंड जिले से किया गया था। भिंड पुलिस की मदद से कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान गोहद क्षेत्र के ऐन्डोरी निवासी सूरज पाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में उसके द्वारा दी गई सूचना को हॉक्स कॉल यानी झूठी सूचना माना गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और कॉल करने के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।




