मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जनजीवन अस्त-व्यस्त

भोपाल,

 मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है और उसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। नदी-नालों से लेकर बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं निचली बस्तियों में जलभराव के हालात हैं। कई परिवारों को राहत शिविरों में भेजा गया है।

मौसम विभाग ने राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बीते कुछ दिनों से कहीं रुक-रुक कर, तो कहीं भारी बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार की रात को राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई।

राजधानी के कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और जलभराव के हालात बन गए। बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी है। इसी तरह राज्य के कई हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश बांधों का जलस्तर बढ़ रहा है और कई स्थानों पर तो जल निकासी के लिए गेट भी खोलने पड़े हैं।

राजधानी की ही बात करें तो यहां के बड़े तालाब का जलस्तर बढ़ा है, कोलार बांध सहित अन्य बांधों का जलस्तर बढ़ा है। शिवपुरी में तो आलम यह है कि पानी सड़कों पर है और मगरमच्छ भी सड़क पर विचरण करते नजर आ रहे हैं। कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते निचली बस्तियों में पानी भरा है। प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों में भेजा गया है।

वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में सामान्य से लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है लो प्रेशर एरिया बना है और ट्रफ लाइन गुजरी है। इस वजह से राज्य के ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड ,दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ आदि में भारी बारिश हो सकती है। वहीं राजगढ़, शाजापुर, देवास, सिवनी, नरसिंहपुर, जबलपुर आदि स्थानों पर भी जोरदार बारिश संभव है।

 

  • Related Posts

    उज्जैन में पुलिस टीम पर हमला: तीसरा आरोपी सरदार सिंह गिरफ्तार, जुलूस निकालकर कोर्ट में किया पेश

    उन्हेल थाना क्षेत्र के नागझिरी गांव की घटना और मामला दर्ज मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के…

    इंदौर के आजाद नगर में बड़ी वारदात: खरीदारी करने आई महिला से मंगलसूत्र और नकदी की चोरी, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

    मुसाखेड़ी बाजार में महिला को बातों में उलझाकर बनाया शिकार इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र स्थित मुसाखेड़ी बाजार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। त्योहारी…