बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान: ‘हिंदुओं को मुसलमानों और ईसाइयों से नहीं, हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा’

मां पीतांबरा पीठ पहुंचकर की पूजा-अर्चना

दतिया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे दतिया स्थित विश्वविख्यात मां पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां बगलामुखी की विशेष पूजा-अर्चना की और प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।

पीतांबरा पीठ पहुंचने से पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के दतिया स्थित निवास ‘माई कृपा’ पहुंचे, जहां नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। दर्शन के दौरान बाबा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

‘हिंदुओं को हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा’

पत्रकारों से चर्चा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन और हिंदुत्व को मुसलमानों तथा ईसाइयों से अपेक्षाकृत कम खतरा है, जबकि हिंदुओं को हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा है। उन्होंने कहा कि वे लोगों को जागरूक करने आए हैं।

अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति लोगों को जगाने का काम करता है, उसे विरोध का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुर्गे का उदाहरण देते हुए कहा कि सबसे ज्यादा जगाने का काम मुर्गा करता है और सबसे ज्यादा काटा भी वही जाता है।

‘प्रतिमा के दर्शन करते हो, प्रतिमाह भी दर्शन करो’

मां पीतांबरा पीठ के प्रति अपनी आस्था और जुड़ाव व्यक्त करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह भूमि तपोस्थली है और मां बगलामुखी की इस पावन भूमि से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह जुड़ाव आगे भी बना रहे।

उन्होंने लोगों को संदेश देते हुए कहा, “प्रतिमा के तो दर्शन करते हो, प्रतिमाह भी दर्शन करो।” उन्होंने इसे अपना संदेश बताया।

पंडोखर धाम के बाबा पर टिप्पणी करने से बचे

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जब पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि वे संतों पर किसी प्रकार की टीका-टिप्पणी नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि दोनों संतों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहने की बात सामने आती रही है। मां पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शिवपुरी जिले के करेरा के लिए रवाना हो गए, जहां हनुमान कथा का आयोजन चल रहा है।

  • Related Posts

    MP Police Bharti 2026: आरक्षक भर्ती के आवेदन फिर शुरू, 16 नवंबर तक मिलेगा मौका; जानें कौन कर सकता है अप्लाई

    By: Ravindra Singh भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (GD) भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने कुछ…

    ग्वालियर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: दिनदहाड़े फायरिंग में पिता-पुत्र की मौत, गांव में तनाव

    By: Ravindra Singh ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद दो लोगों की जान ले गया। मुरार थाना क्षेत्र…