गुना में एसपी कार्यालय में युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, जमीन विवाद और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

घर में तोड़फोड़ और 2.40 लाख रुपये लूटने का आरोप

गुना के कैंट थाना क्षेत्र के विलास गांव में घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोग रात करीब एक बजे उनके घर में घुस आए। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और घर में खड़ी बाइक में तोड़फोड़ की गई। परिवार का दावा है कि आरोपी मक्का बेचकर रखे गए 2 लाख 40 हजार रुपये भी लेकर फरार हो गए। आरोप है कि आरोपी तड़के करीब चार बजे तक हंगामा करते रहे और पुलिस को बुलाने की चुनौती देते रहे।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का परिवार का दावा

पीड़ित परिवार के भानू यादव और अन्य सदस्यों के मुताबिक, घटना के बाद परिवार का बड़ा बेटा मुकेश यादव शिकायत लेकर कैंट थाने पहुंचा था। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि जमीन को लेकर पिछले तीन साल से विवाद चल रहा है। इस दौरान मोटर, पाइप, भैंस और फसल चोरी होने की घटनाएं भी हुई हैं। परिवार ने इन घटनाओं को पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया है।

एसपी कार्यालय में शिकायत के दौरान युवक ने खाया जहरीला पदार्थ

मंगलवार को पीड़ित परिवार अपनी मां राधा बाई के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देने पहुंचा था। इसी दौरान मुकेश यादव ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे संभाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी होने की जानकारी दी गई। परिवार ने इस कदम के पीछे सुनवाई नहीं होने और न्याय न मिलने की हताशा को वजह बताया है।

एसपी ने पुराने विवाद की जांच की बात कही

गुना की पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि जनसुनवाई में एक आवेदन आया था, जिसमें आवेदक की गाड़ी तोड़े जाने की शिकायत की गई थी। पुलिस जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया। एसपी के अनुसार, आवेदक पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी भी रह चुका है और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान आवेदक ने जहरीला पदार्थ खाने का प्रयास किया था, लेकिन वह पूरी तरह स्वस्थ है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

  • Related Posts

    ग्वालियर में दारुल कुरआन मदरसे की जमीन पर उठे सवाल, ‘मस्जिद नजूल’ एंट्री की होगी जांच

    By: Ravindra Singh ग्वालियर। दारुल कुरआन मदरसे से 26 बच्चों को रेस्क्यू किए जाने के बाद अब AG ऑफिस परिसर के पास स्थित मस्जिद और मदरसे की जमीन को लेकर…

    बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान: ‘हिंदुओं को मुसलमानों और ईसाइयों से नहीं, हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा’

    मां पीतांबरा पीठ पहुंचकर की पूजा-अर्चना दतिया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे दतिया स्थित विश्वविख्यात मां पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां…

    Leave a Reply