पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान दोनों आरोपियों को पैर में लगी गोली, प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर
मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के मुख्य आरोपी ट्रक चालक और उसके साथी धीरज को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया है।
48 घंटे के भीतर दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर
पुलिस के मुताबिक, सोमवार की दरमियानी रात अवैध शराब की तस्करी कर रहे ट्रक चालक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ट्रक चालक और उसके साथी धीरज को आलीराजपुर से पकड़ा था। मंगलवार रात दोनों को अलग-अलग रास्तों से खातेगांव ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बन गई।
सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया था। पुलिसकर्मी जब टायर बदल रहे थे, तभी मुख्य आरोपी ने लघुशंका जाने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर के निचले हिस्से में गोली लगी। घायल आरोपी को देर रात जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।
साथी धीरज भी मुठभेड़ में घायल
मुख्य आरोपी के साथी धीरज को भी पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र के भोपाल बायपास पर भागने की कोशिश के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे भी जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया।
1800 लीटर से अधिक शराब से भरा था ट्रक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध शराब की खेप गुजरात भेजे जाने की सूचना पर खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस दल के साथ सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे। पुलिस ने 1800 लीटर से अधिक शराब से भरे ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ करने की कोशिश की।
बताया गया है कि पुलिस से बचकर भागने के प्रयास में चालक ने ट्रक को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी थी। अब दोनों आरोपियों के घायल होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




