मध्य प्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल से एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है। 232 किलो डोडा-चूरा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार जसवीर सिंह बग्घा अस्पताल के कैदी वार्ड से सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर भाग निकला। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय कैदी की निगरानी में तैनात पुलिस जवान सोते रहे और उन्हें बंदी के फरार होने की भनक तक नहीं लगी। घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
232 किलो डोडा-चूरा के साथ फायरिंग रेंज से हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी की पहचान जसवीर सिंह बग्घा पुत्र मंगल सिंह निवासी पंजाब के रूप में हुई है। नूराबाद पुलिस ने उसे 2 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टेकरी स्थित फायरिंग रेंज से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 232 किलो डोडा-चूरा बरामद किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवपुरी से XUV-500 कार में नशीले पदार्थ की खेप लेकर आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। मामला दर्ज करने के बाद 5 नवंबर को उसे जेल भेज दिया गया था।
दस्त की शिकायत पर जिला अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जेलर एसके शर्मा के मुताबिक, जेल में दाखिल होने के बाद से ही जसवीर सिंह की तबीयत ठीक नहीं थी। उसे बार-बार दस्त होने की शिकायत हो रही थी। परेशानी बढ़ने पर 6 नवंबर की रात करीब 12 बजे उसे उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी कैदी वार्ड की कुंडी खोलकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय उसकी सुरक्षा में पुलिस जवान तैनात थे, लेकिन वे सो रहे थे। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर बंदी अस्पताल से निकल गया।
कैदी वार्ड की सुरक्षा पर सवाल, फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बंदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में जुटी हैं। वहीं, अस्पताल के कैदी वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर बंदी की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे जवानों के सोते रहने के दौरान आरोपी कैदी वार्ड से बाहर कैसे निकल गया। अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ सुरक्षा में हुई चूक को लेकर भी कार्रवाई कर सकती है।




