By: Ravindra Singh
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक बंदी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि बंदी जिस समय वार्ड से भागा, उस वक्त उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी सो रहे थे। फरार बंदी की पहचान पंजाब निवासी जसवीर सिंह बग्घा के रूप में हुई है। वह 232 किलो डोडा-चूरा की तस्करी के मामले में जेल में बंद था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी धर्मराज मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही के प्रथम दृष्टया आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार बंदी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुट गई हैं।
232 किलो डोडा-चूरा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुआ था बंदी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब निवासी जसवीर सिंह बग्घा पुत्र मंगल सिंह को नूराबाद पुलिस ने 2 नवंबर को गिरफ्तार किया था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने टेकरी स्थित फायरिंग रेंज के पास कार्रवाई की थी।
बताया गया कि जसवीर अपनी XUV-500 कार में शिवपुरी से 232 किलो डोडा-चूरा लेकर आगरा की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसे पकड़कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद 5 नवंबर को उसे जेल भेज दिया गया।
दस्त की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जेलर एसके शर्मा के अनुसार, जसवीर सिंह नशे का आदी था और जेल में आने के बाद से ही उसे बार-बार दस्त की शिकायत हो रही थी। तबीयत अधिक बिगड़ने पर 6 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसे इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में उसे कैदी वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था। इसी दौरान रात में उसने वार्ड की कुंडी खोली और वहां से फरार हो गया। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सो रहे थे। उन्हें बंदी के भागने की भनक तक नहीं लगी।
पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर एसपी ने लिया एक्शन
कैदी वार्ड से बंदी के फरार होने की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी धर्मराज मीणा ने प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के प्रति लापरवाही पाए जाने पर पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक राम भरोषी, आरक्षक विक्रम भदौरिया, आरक्षक सत्यवीर, आरक्षक वीरेंद्र और आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया शामिल हैं।
फरार बंदी की तलाश में जुटी पुलिस
मुरैना जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी के फरार होने का यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस फरार जसवीर सिंह बग्घा की तलाश में जुटी हुई है। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में हुई लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




