गुना में मारपीट के डर से दंपती ने चलती ट्रेन से लगाई छलांग, एक बेटी साथ कूदी तो दूसरी बोगी में छूटी; RPF ने बचाया

मध्य प्रदेश में दमोह-कटनी रेल मार्ग पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। गुना रेलवे स्टेशन पर कुछ युवकों के साथ कथित विवाद और मारपीट के बाद एक दंपती ने अपनी दो बेटियों के साथ दयोदय एक्सप्रेस में सवार होकर जान बचाने की कोशिश की। लेकिन ट्रेन में भी आरोपियों के मौजूद होने की आशंका से घबराकर पति-पत्नी ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान एक बेटी उनके साथ कूद गई, जबकि दूसरी मासूम ट्रेन की जनरल बोगी में ही छूट गई। घटना में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में कटनी RPF ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।

गुना स्टेशन पर विवाद के बाद दंपती ने ट्रेन में ली थी शरण

जानकारी के मुताबिक, गुना जिले के आरोन निवासी भगीरथ आदिवासी (29) अपनी पत्नी सविता आदिवासी (22) और दो बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित ससुराल से लौट रहे थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे बांदकपुर रेलवे स्टेशन के पास दंपती अपनी ढाई साल की बेटी को लेकर चलती दयोदय एक्सप्रेस से नीचे कूद गए। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर GRP, RPF और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

मारपीट के डर से चलती ट्रेन से कूदने का लिया फैसला

अस्पताल में उपचार के दौरान सविता ने बताया कि गुना स्टेशन पर कुछ अज्ञात युवकों ने उनके साथ विवाद और मारपीट शुरू कर दी थी। जान बचाने के लिए परिवार प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक ट्रेन में सवार हो गया। उन्हें जानकारी नहीं थी कि ट्रेन किस दिशा में जा रही है। सविता के मुताबिक, जब ट्रेन दमोह की ओर बढ़ी तो उन्हें लगा कि मारपीट करने वाले युवक भी उसी ट्रेन में मौजूद हैं। इसी डर के चलते पति-पत्नी ने अपनी एक बेटी को साथ लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस अफरा-तफरी में उनकी दूसरी बेटी ऋतु जनरल बोगी में ही छूट गई।

कटनी RPF ने बच्ची को सुरक्षित उतारा, माता-पिता से मिलाने की प्रक्रिया जारी

दंपती के ट्रेन से कूदने के बाद दमोह RPF ने कटनी RPF को सूचना दी कि दयोदय एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक छोटी बच्ची अकेली है। सूचना पर कटनी RPF ने कार्रवाई करते हुए सुबह करीब 8:30 बजे कटनी रेलवे स्टेशन पर बच्ची को सुरक्षित उतार लिया। प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को लेकर दमोह पहुंचे। फिलहाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

  • Related Posts

    जमीन विवाद में देवर ने भाभी के आपत्तिजनक वीडियो किए वायरल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

    मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी भाभी की चोरी-छिपे आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाने तथा…

    छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर हाईवे पर ट्रक और आयशर की आमने-सामने भिड़ंत, यूपी के चालक की मौत; तीन घायल

    छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हर्रई थाना क्षेत्र के बायपास स्थित करन पेट्रोल पंप के पास ट्रक और आयशर वाहन…

    Leave a Reply