बालाघाट में जमीन विवाद पर बेटे ने बुजुर्ग पिता को जिंदा जलाया, आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। संपत्ति और जमीन के विवाद में एक युवक ने अपने 80 वर्षीय पिता को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या था पूरा जमीन और पेंशन विवाद?

यह मामला लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगलपुर का है। पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग दुलेश्वर खोब्रागढ़े (80) अकेले रहते थे और उन्हें कम दिखाई व सुनाई देता था। उनके दो बेटे हैं, लेकिन वे उनके साथ नहीं रहते थे। बुजुर्ग ने अपनी बेटी को अपने पास बसा लिया था और उसे रहने के लिए अपनी जमीन का कुछ हिस्सा दिया था।

छोटे बेटे अनिल खोब्रागढ़े को यह बात नागवार गुजर रही थी। उसे आशंका थी कि बहन को जमीन मिलने से उसके हिस्से की जमीन कम हो जाएगी। इसके अलावा, बुजुर्ग को मिलने वाली पेंशन और अन्य राशि पर भी अनिल की नजर थी, जिसे वह अपने निजी खर्चों में इस्तेमाल करना चाहता था।

विवाद के बाद रची हत्या की साजिश

एसडीओपी दीपक सिंह तोमर के अनुसार, आरोपी अनिल अपने पिता को भोजन नहीं देता था और अक्सर अपनी बहन से झगड़ा करता रहता था। वहीं, बेटी छिपकर अपने पिता को खाना-पानी पहुंचाती थी, जिससे अनिल और अधिक गुस्से में रहता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 13 नवंबर को अनिल का अपनी बहन और पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इसी कहासुनी के बाद उसने अपने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

14 नवंबर की रात की वारदात और गिरफ्तारी

आरोप है कि 14 नवंबर की रात अनिल ने पेट्रोल का इंतजाम किया और घर के एक कोने में ले जाकर पिता पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। घटना के अगले दिन सुबह वह अपने वाहन से फरार हो गया था, जिसे उसकी बहन ने जाते हुए देखा था।

पहले घर से बुजुर्ग का अधजला शव मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गवाहों के बयान और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया और घटना का खुलासा किया।balaghat

Related Posts

ग्वालियर-झांसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: माता-पिता और बेटी की मौत, छोटी बच्ची गंभीर घायल

एनएच-44 (NH-44) स्थित ग्वालियर-झांसी हाईवे पर कल्याणी के पास एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक मासूम…

मुरैना में शादी का वादा कर युवती का एक साल तक शोषण, आरोपी की मां और वकील समेत तीन पर FIR

By: Ravindra Singh मध्यप्रदेश के मुरैना में 19 वर्षीय युवती के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक…

Leave a Reply