कृष्णा गुर्जर हत्याकांड: 24 घंटे में 12 से अधिक जगहों पर पुलिस की छापेमारी, आरोपी फरार; 10 हजार का इनाम घोषित

By: Ravindra Singh

मुरैना: कृष्णा गुर्जर हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुरैना पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन नामजद आरोपी अब तक पकड़ में नहीं आए हैं। पुलिस ने पिछले 24 घंटे में एक दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, फिर भी सफलता नहीं मिली। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी धर्मराज मीणा ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में पुलिस ने कई थानों की टीमों के साथ विशेष टीम को भी तलाश में लगाया है।

पुरानी रंजिश में कृष्णा गुर्जर की हत्या, 12 आरोपियों के खिलाफ केस

बताया जा रहा है कि सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पुरानी रंजिश के चलते कृष्णा गुर्जर की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में 9 नामजद और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मराज मीणा ने कोतवाली, सिविल लाइन, स्टेशन रोड, सरायछोला और बानमोर थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें गठित की हैं। सभी टीमों को आरोपियों की तलाश और जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

जनकपुर से लेकर जौरा, कैलारस और सबलगढ़ तक दबिश

पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में पिछले 24 घंटे के दौरान एक दर्जन से ज्यादा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। मंगलवार-बुधवार की रात जनकपुर गांव में एक साथ दबिश दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल चुके थे।

इसके बाद नायकपुरा, जौरा, कैलारस, सबलगढ़ और मुरैना शहर के अलग-अलग इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। लगातार कार्रवाई के बावजूद आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। सूत्रों के मुताबिक, फरार आरोपियों के मध्य प्रदेश की सीमा से बाहर राजस्थान में छिपे होने की आशंका है। पुलिस संभावित ठिकानों पर नजर रखकर उनकी तलाश में जुटी है।

आधा दर्जन थानों की पुलिस और स्पेशल टीम तलाश में जुटी

एसपी धर्मराज मीणा के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन थानों की पुलिस टीमें सक्रिय हैं। इसके अलावा विशेष टीम भी गठित की गई है, जो फरार आरोपियों की जानकारी जुटाकर उनके संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।

पुलिस को छापेमारी के दौरान कुछ अहम सुराग मिलने की जानकारी दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Related Posts

मुरैना में कृष्णा गुर्जर हत्याकांड के बाद हाईवे पर हंगामा, शव रखकर लगाया जाम; दुकान में तोड़फोड़

By: Ravindra Singh मुरैना: कृष्णा गुर्जर हत्याकांड के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव को नेशनल हाईवे पर रखकर लोगों ने जाम…

एमपी बोर्ड छमाही परीक्षा में पुराने पैटर्न से छात्र परेशान, सरकारी और निजी स्कूलों में अलग-अलग प्रारूप

By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की छमाही परीक्षाओं में प्रश्नपत्र के प्रारूप को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। माध्यमिक शिक्षा…

Leave a Reply