कोयला खदान के अंदर फंसे तीन और श्रमिकों के शव  बरामद 

गुवाहाटी । असम के दिमा हसाओ जिले में कोयला खदान के अंदर फंसे तीन और श्रमिकों के शव आज बरामद किए गए हैं। इसके बाद हादसे में मरने वाले श्रमिकों की संख्‍या बढ़कर चार हो गई है। यह लोग उन नौ श्रमिकों में से थे, जो बीते सोमवार को खदान में अचानक से पानी भरने के बाद अंदर ही फंस गए थे। इससे पहले बुधवार को उमरांगसू की खदान से एक मजदूर का शव निकाला गया था। खदान में से जिन तीन श्रमिकों के शवों को निकाला गया है, उनमें से एक की पहचान दिमा हसाओ के निवासी 27 साल के लिगेन मगर के रूप में की गई। एक अधिकारी ने बताया कि दो अन्य शवों की पहचान की कोशिश की जा रही है।  मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उमरांगसु में बचाव की कोशिश अटूट संकल्प के साथ जारी है। साथ ही उन्‍होंने इस दुर्घटना पर दुख जताया और कहा कि मुश्किल दौर में हम शक्ति और उम्‍मीद पर कायम हैं। ओएनजीसी और कोल इंडिया द्वारा लाई गई विशेष मशीनों से करीब 310 फीट गहरी खदान से पानी निकालने का काम जारी है। मुख्‍यमंत्री ने पहले दावा किया था कि इस खदान को 12 साल पहले बंद कर दिया गया था और तीन साल पहले तक यह खदान असम खनिज विकास निगम के अधीन थी। उन्‍होंने शुक्रवार को कहा, यह खदान अवैध नहीं थी, बल्कि यह छोड़ी गई खदान थी। मजदूर उस दिन पहली बार कोयला निकालने के लिए खदान में उतरे थे।

  • Related Posts

    अमृतसर में तीस किलो हेरोइन बरामद, एक गिरफ्तार

    पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से एक कार के…

    भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ और थाईलैंड की ‘एक्ट वेस्ट’ नीति पारस्परिक समृद्धि को बढ़ावा देती हैं: मोदी

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और थाईलैंड के बीच कई क्षेत्रों में जीवंत साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और थाईलैंड की ‘एक्ट वेस्ट’…