मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना उन्हें लेकर अनर्गल बातें कही

इंदौर
प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना उन्हें लेकर अनर्गल बातें कह दीं। उन्होंने महू विधानसभा क्षेत्र की एक सभा में कहा कि जिन लोगों ने बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदीजी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी हालत खराब कर दी। इस तरह विजय शाह ने कर्नल सोफिया के धर्म की ओर इशारा करते हुए उन्हें पाकिस्तानियों की बहन बता दिया।
 
विजय शाह का पूरा बयान
विजय शाह ने कहा कि उन्होंने (आंतकियों ने) कपड़े उतारकर हिंदुओं को मारा। पीएम मोदी ने उनकी बहन को जहाज में उनके घर भेज ऐसी-तैसी करवा दी। विजय शाह यहीं नहीं रुके। आगे बोले कि पीएम मोदी कपड़े तो उतार नहीं सकते थे, इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा। अगर तुमने हमारी बहनों को विधवा किया है, तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी। हमारी बहनों के मान-सम्मान और सुहाग का बदला तुम्हारी जाति और समाज की बहन को भेजकर लिया। भारत की जिन बेटियों पर सबको नाज है, उन बेटियों को लेकर ये शर्मनाक बयान दिया गया है। उन्हें आतंकवादियों की बहन बताया गया है।

विजय शाह ने दी बयान पर सफाई
इस बयान पर विवाद होने के बाद विजय शाह ने मीडिया को सफाई दी कि हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया गया है। मेरे भाषण को अलग संदर्भ में न देखें। कुछ लोग इसे अलग संदर्भ में देख रहे हैं। वो हमारी बहनें हैं। उन्होंने पूरी ताकत से सेना के साथ मिलकर काम किया है। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक उषा ठाकुर भी उपस्थित थीं।
 
कांग्रेस ने की माफी की मांग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस बयान की निंदा करते कहा कि सेना का अधिकारी हो या सैनिक हो, उसका कोई धर्म नहीं होता। उसका धर्म देश होता है। उसकी देशभक्ति होती है। भाजपा बार-बार मजहब (धर्म) की बात करती है और यह निंदनीय है। विजय शाह को इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए।

शिवराज सिंह चौहान ने की थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि विजय शाह इससे पहले भी कई बार विवादित बयान देकर घिर चुके हैं। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी को लेकर द्विअर्थी बात कहने पर उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था।

मध्य प्रदेश में जन्मी हैं सोफिया कुरैशी
बता दें, कर्नल सोफिया कुरैशी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर नियमित प्रेस ब्रीफिंग की थी। कर्नल सोफिया आर्मी कम्युनिकेशन की विशेषज्ञ हैं। उनका जन्म मध्य प्रदेश के छतरपुर में हुआ।

  • Related Posts

    MP High Court: शिक्षकों को 2006 से छठे वेतनमान का लाभ देने के लिए 4 सप्ताह का समय, 70 हजार कर्मचारियों को मिल सकती है राहत

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के हजारों शिक्षकों के लिए छठे वेतनमान से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को पुराने आदेश…

    पसला की आदिवासी महिला सरपंच के साथ मारपीट और जबरन हस्ताक्षर कराने का मामला: FIR दर्ज होने के बाद समाप्त हुआ धरना

    बिल-वाउचर पर दस्तखत के विवाद को लेकर हुआ था हंगामा ग्राम पंचायत पसला की महिला सरपंच संतरी सिंह के साथ मारपीट और जबरन बिल-वाउचरों पर हस्ताक्षर कराने का एक गंभीर…