IIT की अनोखी रिसर्च: कंक्रीट में फूड वेस्ट मिलाया तो और मजबूत हुआ निर्माण!

इंदौर 

दुनिया भर में फूड वेस्ट का उचित निपटारा नहीं होने से बढ़ता कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है. ऐसे में इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) के रिसर्चर्स ने फूड वेस्ट के इस्तेमाल का अनूठा तरीका खोज निकाला है.

IIT इंदौर की एक रिसर्च में कहा गया है कि फूड वेस्ट के साथ एक गैर रोगजनक बैक्टीरिया को मिलाकर इसे कंक्रीट में मिश्रित करने से निर्माण की ताकत दोगुनी हो सकती है और कार्बन उत्सर्जन में भी कटौती की जा सकती है. 

रिसर्च दल में शामिल प्रोफेसर संदीप चौधरी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, हमने खराब फलों के गूदे और इनके छिलकों जैसे खाद्य अपशिष्ट में एक गैर रोगजनक बैक्टीरिया मिलाया और इसे कंक्रीट में मिश्रित किया. इससे कंक्रीट की मजबूती दोगुनी हो गई. 

सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर ने बताया, जब खाद्य अपशिष्ट सड़ता है, तो इससे कार्बन डाइऑक्साइड निकलती है. अगर हम कंक्रीट में बैक्टीरिया और खाद्य अपशिष्ट मिलाते हैं, तो कार्बन डाइऑक्साइड कंक्रीट में मौजूद कैल्शियम आयनों के साथ प्रतिक्रिया करके कैल्शियम कार्बोनेट क्रिस्टल बनाती है. ये क्रिस्टल कंक्रीट में मौजूद छेदों और दरारों को भर देते हैं और वजन पर कोई खास असर डाले बिना कंक्रीट को ठोस बनाते हैं. 

चौधरी के मुताबिक, इस बैक्टीरिया की खासियत यह है कि छेदों और दरारों के भरते ही यह बढ़ना बंद कर देता है जिससे बाद में निर्माण को कोई नुकसान नहीं होता.

रिसर्च में आईआईटी इंदौर के जैव विज्ञान और जैव चिकित्सा इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर हेमचंद्र झा भी शामिल थे. उन्होंने बताया कि कंक्रीट में बैक्टीरिया मिलाने के पुराने अनुप्रयोगों में सिंथेटिक रसायनों का उपयोग किया जाता था जिससे यह प्रक्रिया महंगी और कम टिकाऊ हो जाती थी.

झा ने बताया कि आईआईटी इंदौर के रिसर्च में इस प्रक्रिया की लागत घटाने के लिए सिंथेटिक रसायनों के बजाय खाद्य अपशिष्ट का इस्तेमाल किया गया जो बैक्टीरिया के साथ पानी में घुलकर कंक्रीट में आसानी से मिल जाता है.

  • Related Posts

    बबूल की आड़ में प्रतिबंधित पेड़ों की कटाई का आरोप, आरा मशीनों तक लकड़ी पहुंचने की जांच की मांग

    By: Ravindra Singh क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लकड़ी तस्कर सामान्य बबूल के पेड़ों की आड़…

    ग्वालियर-चंबल में खाद्य सुरक्षा पर सवाल, 2,190 किलो मावा और 4,526 किलो मिल्क केक जब्त

    By: Ravindra Singh ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई चर्चा में है। मावा, मिल्क केक और घी की बड़ी…