भोपाल में सनसनी: हिस्ट्रीशीटर के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटे पर जानलेवा हमला; अस्पताल तक पीछा कर चलाईं गोलियां

भोपाल

अशोका गार्डन क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बार फिर गैंगवार की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगी है। हमलावरों ने घायल इमरान का पीछा करते हुए हमीदिया अस्पताल परिसर में भी फायरिंग की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घर के बाहर घेराबंदी और ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे ऐशबाग का बदमाश शादाब गेट अपने साथियों के साथ शंकर गार्डन स्थित लल्लू रईस के घर पहुंचा। उसके साथ शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज सहित 8 से 10 लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आरोपित पहले से ही इमरान का पीछा कर रहे थे। जैसे ही इमरान अपने घर पहुंचा, आरोपितों ने पीछे से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जान बचाने के लिए इमरान तेजी से घर के अंदर घुस गया और गेट बंद कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर पर लग गई, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

हमीदिया अस्पताल परिसर में भी मची अफरा-तफरी

घायल इमरान को तत्काल इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि हमलावर अस्पताल तक भी पहुंच गए और वहां भी फायरिंग की। इस दौरान अस्पताल की खिड़की और दीवार पर गोलियां लगीं, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस फायरिंग में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ। लल्लू रईस ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भी उस पर फायरिंग की गई। उसने बताया कि बदमाश उन्हें जान से मारने की नीयत से आए थे, लेकिन गनीमत रही कि उन्हें कोई गोली नहीं लगी।

पुरानी रंजिश और अवैध कारोबार का विवाद

घटना को लेकर लल्लू रईस ने बताया कि करीब दो साल पहले इमरान का शादाब गेट के भाई से विवाद हुआ था। उस दौरान हुए हमले में शादाब के भाई की उंगलियां कट गई थीं। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया है। लल्लू रईस का यह भी आरोप है कि हमलावर शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं और उसे कई बार उसने उजागर भी किया है।

 

  • Related Posts

    दीपावली पर सभी व्यवस्थाएं रहें चाक-चौबंद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर्व को देखते हुए प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने…

    जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की जांच रिपोर्ट एक महीने में मांगी

    जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन और उनके खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई का मामला लगातार चर्चा में है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच कर रही…