चुनरी यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री ने मांगा समृद्धि का आशीर्वाद!

इंदौर में बड़ा गणपति से बिजासन माता मंदिर तक निकली विशाल चुनरी यात्रा, मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले—मां के दरबार में सभी समान..

शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर रविवार को इंदौर की सड़कों पर आस्था, आराधना और उत्साह का अद्भुत संगम दिखाई दिया.. माता रानी के जयकारों, पुष्पवर्षा और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली विशाल चुनरी यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए.. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सद्भाव और एकता का संदेश भी देती है.. मां के दरबार में न कोई ऊंचा है, न नीचा, न अमीर और न गरीब.. आस्था सभी को एक सूत्र में बांधती है..

नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को शहर में विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई.. प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर एरोड्रम क्षेत्र स्थित बिजासन माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.. यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.. जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया..मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और माता रानी के जयकारे लगवाए.. उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व जीवन में शक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा का संचार करता है.. मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, वैभव और आनंद लेकर आए, यही कामना है..

धार्मिक आयोजनों से मजबूत होती है सामाजिक एकता..
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनरी यात्रा जैसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों, जातियों और पंथों को एक साथ आने का अवसर देते हैं.. धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना भी ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है.. उन्होंने कहा कि मां के दरबार में सभी समान हैं और यहां किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता..मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आगामी दशहरे और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.. चुनरी यात्रा के दौरान पूरा मार्ग माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा.. श्रद्धालुओं के उत्साह और स्वागत कार्यक्रमों से धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा..इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे..

  • Related Posts

    कैंसर मरीजों को बड़ी राहत, इंदौर में पांच PET-CT स्कैन सेंटर शुरू

    मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया शुभारंभ, भोपाल सहित चार अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार.. मध्यप्रदेश में गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार को आधुनिक तकनीक…

    मप्र में मोर संरक्षण की नई परियोजना, बड़नगर को फूड प्रोसेसिंग पार्क की सौगात!

    मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की कई घोषणाएं, नए सांदीपनि विद्यालय खुलेंगे, आलू प्रसंस्करण से 35 जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ.. मध्यप्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, कृषि आधारित उद्योग, शिक्षा और…

    Leave a Reply