ग्वालियर में बदमाशों के हौसले बुलंद होने का मामला सामने आया है। माधौगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक युवक को गोली मार दी गई। वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित परिवार ने गोली चलाने का आरोप भाजपा नेता बसंत गुड़ियाले और उसके साथियों पर लगाया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डांडिया कार्यक्रम में हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, हेमसिंह की परेड स्थित एएस अपार्टमेंट में पीएस राजोरिया और बसंत गुड़ियाले पड़ोसी हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात जीवाईएमसी क्लब में डांडिया कार्यक्रम के दौरान बसंत गुड़ियाले का बेटा ईश्वरधन गुड़ियाले अपने साथियों के साथ एक युवक के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद रुद्र प्रताप सिंह राजोरिया ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया। आरोप है कि इसी बात को लेकर ईश्वरधन और उसके परिवार की रुद्र से रंजिश हो गई।
घर में घुसकर पिस्टल से किया फायर
घायल के पिता पीएस राजोरिया के मुताबिक, रविवार को बसंत गुड़ियाले अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि घर में घुसते ही बसंत ने रुद्र प्रताप पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली रुद्र के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
15 दिन पहले मारपीट का भी लगाया आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बसंत गुड़ियाले भाजपा से जुड़ा नेता है। परिवार ने यह भी दावा किया कि करीब 15 दिन पहले बसंत ने रुद्र के दोस्त नमन गुर्जर के साथ मारपीट की थी, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही माधौगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। पुलिस ने रुद्र प्रताप और उसके पिता की शिकायत पर बसंत गुड़ियाले तथा उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




