11 हजार कलशों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से आयोजित होने वाली 7 दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा को लेकर करेरा में उत्साह का माहौल है। कथा के शुभारंभ से पूर्व नगर में एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कृषि उपज मंडी प्रांगण से शुरू हुई यह कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कथा स्थल ‘बाबा का बाग बगीचा क्षेत्र’ पहुंची। इस भव्य यात्रा में 11 हजार कलशों के साथ भारी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया।
नगरवासियों ने जगह-जगह किया पुष्पवर्षा से स्वागत
कलश यात्रा के पूरे मार्ग में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। नगर में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा का गर्मजोशी से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पूरे क्षेत्र में श्रीराम और बागेश्वर धाम सरकार के जयकारों की गूंज सुनाई दी, जिससे पूरा माहौल धर्ममय हो गया।
करेरा में धीरेंद्र शास्त्री का दूसरा बड़ा आगमन
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 24 अक्टूबर से 7 दिनों तक श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसास्वादन कराएंगे। गौरतलब है कि यह दूसरा अवसर है जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेरा की धरती पर कथा सुनाने आ रहे हैं। इससे पहले भी वे करेरा में श्रीमद्भागवत कथा का सफल आयोजन कर चुके हैं, जिसके चलते इस बार भी कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



