By: Ravindra Singh
ग्वालियर के मुरार इलाके में बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकलने को लेकर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि दो युवकों ने एक गार्डन संचालक के साथ गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक आरोपी कथित तौर पर घर से लाइसेंसी बंदूक लेकर आया और दो हवाई फायर कर दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले में पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुलेट की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह मामला मुरार थाना क्षेत्र के पटेल नगर स्थित काशीपुरा का है। यहां रहने वाले 20 वर्षीय अमन कुशवाह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम वह अपने गार्डन के कार्यालय में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसे पटाखे फूटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी।
कुछ देर बाद मोहल्ले में रहने वाले मन्नू उर्फ मनोज शर्मा और करन शर्मा वहां पहुंचे। दोनों ने अमन से पूछताछ की कि बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालते हुए कौन निकला था और क्या वह युवक उसके गार्डन में आया था। अमन ने इस बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों युवकों और अमन के बीच विवाद शुरू हो गया।
लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचा आरोपी, किए दो हवाई फायर
अमन की शिकायत के मुताबिक, कहासुनी के दौरान दोनों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मन्नू उर्फ मनोज शर्मा अपने घर गया और वहां से लाइसेंसी बंदूक लेकर वापस लौटा।
इसके बाद उसने गार्डन संचालक को डराने के लिए घर के बाहर दो हवाई फायर किए। अचानक गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे। फायरिंग की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद अमन अपने चचेरे भाई जतिन कुशवाह के साथ मुरार थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उसने दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनोज शर्मा और करन शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस अब फरियादी के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। बुलेट मोटरसाइकिल की आवाज को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब धमकी और हवाई फायरिंग के मामले में बदल गया है।


