ग्वालियर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रांसपोर्ट नगर के दो गोदामों से 645 किलो कैल्शियम कार्बाइड जब्त

By: Ravindra Singh

ग्वालियर। दीपावली से पहले ग्वालियर पुलिस ने अवैध रूप से खतरनाक सामग्री जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बहोड़ापुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दो गोदामों पर छापेमारी कर 645 किलो 310 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड बरामद किया। जांच के दौरान दोनों गोदाम संचालक सामग्री के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजा स्टील के गोदाम में मिले कैल्शियम कार्बाइड के छह ड्रम

पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राजा स्टील के गोदाम में बड़ी मात्रा में कैल्शियम कार्बाइड रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान छह सीलबंद लोहे के ड्रमों में कुल 600 किलो कैल्शियम कार्बाइड मिला।

गोदाम संचालक राकेश पसरीजा, निवासी आदर्श कॉलोनी, शिंदे की छावनी से जब सामग्री के भंडारण का लाइसेंस मांगा गया, तो वह संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने सामग्री जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

छारिया हार्डवेयर स्टोर से भी 45 किलो से अधिक सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर के पार्किंग नंबर-1 स्थित छारिया हार्डवेयर स्टोर की भी तलाशी ली। यहां एक लोहे के ड्रम में 45 किलो 310 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड रखा मिला। स्टोर संचालक अनिल कुमार छारिया भी सामग्री के भंडारण और बिक्री से जुड़े जरूरी लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।

दोनों स्थानों से बरामद सामग्री का कुल वजन 645 किलो 310 ग्राम है। पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

त्योहारों से पहले सुरक्षा अभियान, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

दीपावली और आगामी त्योहारों के दौरान किसी संभावित हादसे को रोकने के लिए पुलिस खतरनाक सामग्री के अवैध भंडारण पर नजर रख रही है। कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल कार्बाइड गन बनाने में भी किया जा सकता है। इसका अनुचित उपयोग लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त की गई सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों या स्थानों पर पहुंचाया जाना था। बहोड़ापुर थाने के विवेचना अधिकारी अतुल चौहान के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

मुरैना में स्कूली वाहनों पर मजिस्ट्रेट चेकिंग, 40 से अधिक वाहन जांचे; 50 हजार रुपये से ज्यादा जुर्माना वसूला

सुबह 7 बजे वैरियर चौराहे पर शुरू हुई जांच मुरैना में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार सुबह करीब 7…

बीजेपी विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का वीडियो वायरल, जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए 10 सदस्य खरीदने की बात कहने का दावा

सार्वजनिक कार्यक्रम में पुराने चुनाव का जिक्र करने का दावा सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने…

Leave a Reply