By: Ravindra Singh
राजगढ़ जिले के माचलपुर क्षेत्र में गोघटपुर स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय कृष्णपाल सिंह चौहान की जान चली गई। हनुमान मंदिर और पेट्रोल पंप के बीच एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
माचलपुर से गांव लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धानौदा निवासी रोहित उर्फ गोविंद राठौर अपने साथी कृष्णपाल सिंह चौहान के साथ मोटरसाइकिल से माचलपुर से गांव लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जब दोनों गोघटपुर स्थित बालाजी मंदिर से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। रात में अंधेरा होने के कारण वे दुर्घटना करने वाले वाहन को ठीक से नहीं देख सके। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।
अस्पताल पहुंचने पर कृष्णपाल को मृत घोषित किया
दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को शासकीय अस्पताल माचलपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कृष्णपाल सिंह चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रोहित उर्फ गोविंद राठौर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजस्थान के झालावाड़ अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद माचलपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। महज 24 वर्ष की उम्र में कृष्णपाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन तथा उसके चालक का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।





