28 किलो 800 ग्राम गांजे की खेती पकड़ी, जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.12 लाख रुपए आंकी गई
खंडवा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में खालवा पुलिस ने ग्राम बाराकुंड में एक खेत पर दबिश देकर गांजे की अवैध खेती पकड़ी है। पुलिस ने मौके से गांजे के 53 पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 28 किलो 800 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 12 हजार रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दी दबिश
टीआई अनुपम सिंह के मुताबिक, रविवार देर रात खालवा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बाराकुंड में एक व्यक्ति ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद राहगीर पंचों को साथ लेकर बाराजोशी नाले के पास स्थित खेत में दबिश दी गई।
खेत की तलाशी के दौरान पुलिस को गांजे के 53 पौधे मिले। मौके पर सभी पौधों का वजन किया गया, जो कुल 28 किलो 800 ग्राम निकला। पुलिस ने पौधों को जब्त कर लिया और मौके पर मौजूद खेत मालिक अर्जुन पिता मुन्नालाल कोरकू (26), निवासी ग्राम बाराकुंड को हिरासत में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने अर्जुन कोरकू के खिलाफ खालवा थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विवेचना के दौरान उसे गिरफ्तार कर सोमवार सुबह न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस गांजे की खेती और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान निरीक्षक सुशा परते, उपनिरीक्षक सूरज पाटील, प्रधान आरक्षक सुनील यादव, आरक्षक उमेश चौहान और दिलीप बोरखेड़े मौजूद रहे।




