मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के रतन का पुरा गांव में 32 वर्षीय पूजा तोमर की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पिता विजयपाल पवैया और पति रामकिशोर तोमर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी का पहले साफी से गला घोंटा और फिर सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। वहीं, पति पर वारदात के दौरान कमरे के बाहर पहरा देने और पत्नी को बचाने के बजाय पिता का साथ देने का आरोप है।
करवा चौथ पर मायके जाने की बात कहकर निकली थी पूजा
जानकारी के अनुसार, करवा चौथ के दिन पूजा मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। अगले दिन सुबह जब वह अपने ससुराल रतन का पुरा लौटी तो पति रामकिशोर से उसका विवाद हो गया। इसके बाद रामकिशोर ने अपने ससुर विजयपाल को फोन कर पूजा की शिकायत की।
पिता के सामने प्रेमी को फोन करने पर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह विजयपाल बेटी के घर पहुंचा और उसे समझाने लगा। इसी दौरान पूजा पिता के सामने ही अपने प्रेमी को फोन लगाने लगी। आरोप है कि यह देखकर विजयपाल नाराज हो गया और उसने साफी से बेटी का गला लपेट लिया। इसके बाद वह उसे कमरे के अंदर ले गया।
आरोप है कि इस दौरान पति रामकिशोर ने भी पिता का साथ दिया। उसने पूजा को धक्का देकर कमरे के अंदर बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगा दी। पति पर कमरे के बाहर पहरा देने का भी आरोप है।
गला घोंटने के बाद सिर पर ईंट से किया हमला
आरोप के मुताबिक, कमरे के अंदर विजयपाल ने साफी से पूजा का गला घोंटने की कोशिश की। जब उसकी सांसें नहीं रुकीं तो उसने ईंट उठाकर उसके सिर पर वार किए। पुलिस के अनुसार, हमले में पूजा की मौत हो गई।
पहले भी प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा चुकी थी पूजा
पुलिस के मुताबिक, पूजा पहले भी दो बार अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा चुकी थी। इसी प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह माना जा रहा है। नगरा थाना पुलिस ने विजयपाल पवैया और रामकिशोर तोमर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




