देहरादून। उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल और प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी के बीच हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में है। एक कार्यक्रम में मंच पर दलेर मेहंदी की आलोचना करने के बाद सुर्खियों में आए मंत्री ने अब अपने ताजा बयान में कहा है कि वह इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे।
सुबोध उनियाल ने क्या कहा?
देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान सुबोध उनियाल ने कहा, “किसी ने कहा कि अगर आपको हाईकमान कहेगा तो आपको माफी मांगनी पड़ेगी? इस पर मैंने कहा कि मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जीवन में सबसे महत्वपूर्ण आत्मसम्मान है। मंत्री का यह बयान सामने आने के बाद विवाद को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है।
क्या है दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद?
दरअसल, उत्तराखंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी बीच प्रदेश सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल भी मंच पर पहुंचे और उन्होंने गायक की आलोचना की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कई कलाकारों ने मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाए।
कलाकारों की ओर से कहा गया कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद वह कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री से माफी मांगने की मांग की थी।
मीका सिंह की टीम ने माफी मांगने का किया था दावा
इससे पहले मीका सिंह की टीम ने दावा किया था कि मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। हालांकि, अब मंत्री के ताजा बयान में माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देने की बात कही गई है।
मंत्री के इस बयान के बाद दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद फिर सुर्खियों में आ गया है।






