आयुष्मान खुराना को धमकी, लॉरेंस गैंग का सदस्य बताने वाले शख्स ने मांगे करोड़ों रुपये

धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच, फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को एक धमकी भरा ऑडियो संदेश भेजा गया है। इसमें संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए करोड़ों रुपये की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

ऑडियो संदेश में गैंग का नाम लेकर धमकी

मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो संदेश में एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपये मांगे। पुलिस अब इस ऑडियो की जांच कर रही है। शुरुआती पड़ताल में संदेश भेजने वाले की पहचान और उसके दावों की सत्यता का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑडियो में बताई गई पहचान से जुड़े व्यक्ति की आवाज का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद ऑडियो से किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश की गई है।

तुषार कपूर को भी मिल चुका है धमकी भरा संदेश

गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो संदेश मिला था। उस मामले में संदेश भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी।

इससे पहले टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना भी सामने आई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। इसके अलावा ईमेल के जरिए अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ाए जाने की बात सामने आई थी।

फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों की जांच

फिलहाल मुंबई पुलिस आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर से जुड़े मामलों को ध्यान में रखते हुए धमकी देने वालों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर फिल्मी सितारों को धमका रहा है। आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो संदेश की जांच जारी है और अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

आखिरी बार इस फिल्म में आए नजर

बता दें कि आयुष्मान खुराना आखिरी बार सारा अली खान के साथ फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे। इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म में उन्होंने एक पाकिस्तानी एजेंट की भूमिका निभाई थी, जो अपनी याददाश्त खो देता है। फिल्म में उनके अभिनय की तारीफ हुई थी।

  • Related Posts

    रणदीप हुड्डा ने वेलेंटाइन डे पर पत्नी लिन लैशराम के लिए किया खास पोस्ट, कहा& 'हमेशा के लिए लव लॉक्ड'

    बॉलीवुड स्टार रणदीप हुड्डा ने वेलेंटाइन डे पर पत्नी लिन लैशराम के लिए किया खास पोस्ट शेयर किया है।रणदीप हुड्डा ने अपनी हॉलीवुड फिल्म द मैचबॉक्स की शूटिंग से ब्रेक…

    जॉन अब्राहम और एड शीरन ने खेला फुटबॉल मैच, बोले&कुछ लड़कों से हाई फाइव किया…

    मुंबई। बॉलीवुड के माचो हीरो जॉन अब्राहम ने ब्रिटिश गायक एड शीरन के साथ फुटबॉल मैच खेला है। एड शीरन इन दिनों अपने म्यूजिक टूर के लिए भारत आए हुए…

    Leave a Reply