उज्जैन जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन के नेतृत्व में मंगलवार अलसुबह 5 बजे बड़नगर तहसील के ग्राम बलेड़ी और सिकंदराखेड़ा में दबिश दी गई। इस दौरान आबकारी टीम ने कुल 631 किलोग्राम महुआ लाहन और 42 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की। कार्रवाई में एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
बलेड़ी में महिला के घर से मिली 30 लीटर शराब
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और उप आबकारी आयुक्त हर्षवर्धन राय के निर्देश पर आबकारी अमले ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बलेड़ी में रेखाबाई पति गिरधारी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान यहां से 30 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद हुई। महिला को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 49(क)(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी गांव में भूपेंद्र पिता फतेह सिंह के कब्जे से एक लीटर हाथ भट्टी शराब और 150 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
सिकंदराखेड़ा में 450 किलो महुआ लाहन जब्त
इसके बाद आबकारी टीम ने ग्राम सिकंदराखेड़ा में कार्रवाई की। यहां से 450 किलोग्राम महुआ लाहन और 10 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद की गई। इसी गांव में आशाबाई पति रामभरोसे के कब्जे से भी एक लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त हुई। उनके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दोनों गांवों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 631 किलोग्राम महुआ लाहन और 42 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई।
ग्राम कोटवारों को भी सौंपी जिम्मेदारी
आबकारी विभाग अब अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अपना सूचना तंत्र मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसी उद्देश्य से बड़नगर में एसडीएम, तहसीलदार और आबकारी अधिकारियों ने ग्राम कोटवारों की बैठक ली।
बैठक में कोटवारों को गांवों में अवैध शराब बनाने वाले लोगों, निर्माण स्थलों और बिक्री के संभावित ठिकानों की जानकारी आबकारी विभाग तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है।




