544 पन्नों की किताब में इटली से भारत आने, गांधी परिवार से जुड़ने और निजी जीवन के अनुभवों का किया जिक्र
पीएम मोदी के साथ राजनीतिक रिश्तों पर भी रखी बात, कहा- दोनों के विचार और भारत को लेकर नजरिया अलग-अलग
बाबरी ढांचे को गिराए जाने पर दिए पुराने बयान को लेकर किताब के विमोचन से पहले ही शुरू हुआ विवाद
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को बाजार में उपलब्ध होने जा रही है। 544 पन्नों की इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, परिवार, रिश्तों और भारत में बिताए करीब छह दशकों के अनुभवों को शब्दों में पिरोया है। खास बात यह है कि किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके राजनीतिक संबंधों और दोनों की विचारधाराओं को लेकर भी कई अहम बातें सामने आई हैं।
सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया है कि यह कोई राजनीतिक दस्तावेज या पारंपरिक राजनीतिक किताब नहीं है, बल्कि उनके जीवन के व्यक्तिगत अनुभवों का संग्रह है। इसमें इटली से भारत आने, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों और गांधी परिवार से जुड़ी यादों के साथ-साथ परिवार के मुश्किल दौर का भी जिक्र किया गया है। किताब के लिए किसी बड़े औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है।
इटली से भारत तक के सफर और गांधी परिवार की यादें
किताब में सोनिया गांधी ने अपने शुरुआती जीवन से लेकर गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक के सफर को साझा किया है। इसमें इटली में बिताए बचपन, भारत आने के बाद के अनुभवों और इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्तों से जुड़े कई निजी प्रसंग शामिल हैं।
सोनिया गांधी ने परिवार के साथ बिताए पलों और गांधी परिवार पर आई बड़ी त्रासदियों का भी उल्लेख किया है। इसके अलावा वर्ष 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम और सार्वजनिक जीवन के कुछ महत्वपूर्ण अनुभवों को भी पुस्तक में जगह दी गई है। लंबे समय तक अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने वाली सोनिया गांधी ने इस किताब के जरिए अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं को सामने रखा है।
पीएम मोदी के साथ रिश्तों पर क्या लिखा?
किताब का एक महत्वपूर्ण हिस्सा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोनिया गांधी के राजनीतिक संबंधों से जुड़ा है। सोनिया गांधी के मुताबिक, दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के राजनीतिक विरोधी रहे हैं, लेकिन उनके बीच कभी व्यक्तिगत स्तर पर ज्यादा बातचीत नहीं हुई।
उन्होंने लिखा है कि औपचारिक कार्यक्रमों में मुलाकात होने पर दोनों के बीच सामान्य अभिवादन यानी ‘नमस्ते’ तक ही बातचीत सीमित रहती है। दोनों की विचारधारा और दुनिया को देखने का नजरिया अलग है। सोनिया के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपने भारत के विजन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि वह अपने विचारों और दृष्टिकोण के लिए खड़ी हैं।
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि साधारण और पिछड़े परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहने के बाद देश की सत्ता के सर्वोच्च पद तक पहुंचना एक लंबा और कठिन सफर रहा है। उन्होंने सत्ताधारी और प्रभावशाली वर्ग के प्रति मोदी की असहजता को लेकर भी अपनी समझ जाहिर की है।
बाबरी ढांचे पर बयान से विवाद, विपक्षी प्रतिक्रिया भी आई सामने
किताब आने से पहले ही सोनिया गांधी के एक बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। ब्रिटिश अखबार को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि बाबरी ढांचे को गिराए जाने की घटना देखकर वह रो पड़ी थीं।
उनके इस बयान पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को घटना के 32 साल बाद इस बारे में अपनी भावनाएं जाहिर करने की याद आई। राईन ने यह भी सवाल किया कि इतने वर्षों तक इस मुद्दे पर उनकी प्रतिक्रिया सामने क्यों नहीं आई।
इस तरह किताब के बाजार में आने से पहले ही सोनिया गांधी के निजी अनुभवों, प्रधानमंत्री मोदी पर उनकी टिप्पणियों और बाबरी ढांचे से जुड़े बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।




