मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी भाभी की चोरी-छिपे आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाने तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। घटना बुढ़ार थाना क्षेत्र की केशवाही चौकी अंतर्गत बरंगवां गांव की है।
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते घटना को दिया अंजाम
जानकारी के मुताबिक, देवर और भाभी एक ही परिसर में रहते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते युवक ने भाभी से बदला लेने की योजना बनाई। जब महिला घर के आंगन में घरेलू काम कर रही थी, तभी आरोपी ने दीवार के दूसरी ओर से मोबाइल के जरिए उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए।
सोशल मीडिया पर वायरल किए तस्वीरें और वीडियो
आरोप है कि तस्वीरें और वीडियो बनाने के बाद आरोपी ने उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जब महिला को इस घटना की जानकारी मिली तो उसने बुढ़ार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पारिवारिक रिश्ते में विश्वास का फायदा उठाकर निजता का उल्लंघन किए जाने के आरोप से परिवार और गांव में मामला चर्चा का विषय बन गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बुढ़ार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।




