
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जींद रैली शुरू हो गई है। अमित शाह सभा के मंच पर पहुंच गए हैं। अमित शाह पहले हेलीकाॅप्टर से सभा स्थल से दूर बनाए गए हैलीपैड पर पहुंचे हैं। वहां उनका स्वागत मुख्समंत्री मनोहरलाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने किया। हैलीपैड से वह हजारों बाइकों काफिले के संग सभा स्थल की ओर रवाना हुए। अमित शाह भी बाइक पर सवार हुए। इस बाइक को सुभाष बराला चला रहे थे। बाइक रैली में मुख्यमंत्री मनोहरलाल और कई वरिष्ठ नेता भी थे।
मंच पर हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने उनका स्वागत किया और उनको गदा भेंट की। हरियाणा के मंत्री, सांसद, संगठन के पदाधिकारी मंच पर मौजूद हैं। रैली में पहुंचने पर लोगों ने अमित शाह का तालियों से स्वागत किया और उनके समर्थन में जमकर नारे लगाए। रैली में हरियाणा के 17 हजार बूथों से रैली में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे हैं। मंच पर पहुंचने के बाद अमित शाह और मनोहर लाल ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। मंच पर संगठन मंत्री रामलाल के साथ मौजूद हैं।
लोगों का अभिवादन स्वीकार करते अमित शाह और अन्य नेता।
रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपना संबोधन भारत माता के जयकारे के साथ शुरू किया। सीएम ने केंद्र व हरियाणा में भाजपा के सत्ता में आने का श्रेय नौजवानों को दिया। मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद साढे तीन साल में देश में परिवर्तन हुआ। हरियाणा में भी भारी परिवर्तन हुआ। हरियाणा में पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का श्रेय युवा कार्यकर्ताओं को है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने क्षेत्रवाद को समाप्त किया। सरकार ने राज्य के हर क्षेत्र का समान विकास किया।
सीएम ने कहा कि ज्यादातर घोषणाओं को पूरा किया। तबादलों में लूटतंत्र को खत्म किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तर्ज पर अपनी बात पर जनसमूह से हामी भरवाई। किसानों को उनकी जमीनों का अधिग्रहण उनकी सहमति से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने हरियाणा में बहुत गड़ढे भरे हैं। अभी बहुत चुनौतियां बाकी हैं। राज्य में बेरोजगार युवाओं की फौज खडी है। हमने हरियाणा की सडकों का एनएचएआइ के माध्यम से विकास किया। अंबाला से नारायणगढ रोड को बीच में छोडा गया था, उसे पूरा कराया।
सीएम ने कहा कि सड़कों का विकास किया। नेशनल हाईवे का सुदृढ़ीकरण किया गया। आगे हर हाईवे पर काम होता दिखेगा। उद्योगपति हरियाणा में आने की लिए रास्ता तलाश रहे हैं। कांग्रेस के शासन में हरियाणा में डुईंग ऑफ बिजनेस में 14वें स्थान पर था। आज पहले नंबर के लिए लड़ाई है।
रैली को सबसे पहले केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट में किसानों का पूरा ख्याल रखा, खेती को फायदे का सौदा बनाया गया है। इस रैली से भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा से भ्रष्टाचार समाप्त होगा। रैली में मंच संचालन पार्टी के प्रदेश महासचिव संजय भाटिया कर रहे हैं।
बाइक रैली में मुख्यमंत्री मनोहरलाल भी शामिल हुए और बाइक चलाकर सभास्थल पर पहुंचे।
रैली में केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह आैर उनकी पत्नी विधायक प्रेमलता पहुंचे हैं। राज्य की मंत्री कविता जैन और कृषि मंत्री आेमप्रकाश जैन भी मंच पर हैं। मंच पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्य के मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विपुल गोयल, रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, नायब सैनी, राव नरबीर सिंह, रतन लाल कटारिया, मनीष ग्रोवर, कर्णदेव कंबोज, सुधा यादव, प्रो. गणेशी लाल, डा. बनवारी लाल , सांसद धर्मवीर, कंवरपाल मौजूद हैं।
उधर, रैली के विरोध प्रदर्शन करने सभास्थल की आेर जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर को पुलिस ने समर्थकों सहित हिरासत में ले लिया है। वह अमित शाह को काले झंंडे दिखाने जा रहे थे। रैली के विरोध में इनेलाे कार्यकर्ताओं ने भी काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया है।
जींद में उतरता भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का हेलीकाप्टर।
रैली में केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह अपनी विधायक पत्नी प्रेमलता के साथ पहुंचे। प्रदेश अध्य्क्ष सुभाष बराला भी रैली के मंच पर पहुंच गए हैं। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्य के शिक्षामंत्री राममबिलास शर्मा, राज्य के मंत्री राव नरबीर सिंह और करनाल के सांसद अश्वनी चोपड़ा भी मंच पर पहुंचे। सफीदों के विधायक जसबीर देशवाल भी पहुंचे। राज्य की मंत्री मंत्री कविता जैन भी मंच पर पहुंची हैं। रैली में मंत्री कर्णदेव कंबोज और कालका की विधायक लतिका शर्मा भी मौजूद हैं।
रैली में महम के देवेंद्र फरमाना कुछ अलग ही अंदाज में नजर आए।
जाटलैंड जींद अमित शाह की रैली के लिए सुंदर ढ़ंग से सजा-संवरा हुआ है। पूरा शहर भाजपामय नजर आ रहा है। रैली स्थल का माहौल पूरी तरह से केसरिया है। सुरक्षा का मोर्चा अर्धसैनिक बलों के जवानों ने संभाल रखा है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला सहित सभी वरिष्ठ नेता रैली स्थल और हैलीपैड पर पहुंच और अमित शाह का स्वागत किया।
जींद में बाइक रैली में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता।
जींद रैली को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह इस रैली में मिशन 2019 का बिगुल फूकेंगे। पिछले संसदीय चुनाव में हरियाणा से चुनावी बिगुल फूंक केंद्र के साथ कई राज्यों में सत्तारूढ़ हुई भाजपा मिशन-2019 का आगाज भी हरियाणा से करने जा रही है। सन् 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जब भाजपा ने इस पद के लिए उम्मीदवार बनाया था, तब उन्होंने हरियाणा के अहीरवाल के रेवाड़ी से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।
रैली में यह भी स्पष्ट होने की उम्मीद है कि भाजपा किन मुद्दों पर अगला चुनाव लड़ेगी और हरियाणा में उसका क्या एजेंडा होगा। शाह राष्ट्रीय स्तर पर बनाई गई चुनावी रणनीति के संकेत तो जींद में देंगे ही, साथ ही चुनाव वाले राज्यों के लिए भी कुछ खास इशारा भी कर सकते हैं। हरियाणा में दस लोकसभा सीटें हैैं, जिनमें से सात पर भाजपा, दो पर इनेलो और एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। शाह की रणनीति अपनी सातों सीटों को बचाने के साथ ही कांग्रेस और इनेलो से बाकी तीनों सीटें झटकने की भी होगी।
जींद में अमित शाह की रैली में हिसार से जाते भाजपा कार्यकर्ता।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने भी बुधवार को ही बुलेट चलाने की रिहर्सल कर ली। रैली स्थल का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री हैलीपेड से उतरने के बाद कार में बैठने के बजाय बिना नंबरों की नई बुलेट मोटरसाइकिल चलाकर रैली स्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के पीछे प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया बैठे हुए थे। मुख्यमंत्री बाइक को सीधा स्टेज तक लेकर गए और स्टेज के आगे पूरा चक्कर कटवाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंच पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काले झंडे के साथ प्रदर्शन
जींद में प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
दूसरी ओर, बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जींद में रैली के विरोध में प्रदर्शन किया और काले झंडे लहराए। इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने करना था लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। अशोक तंवर के साथ उनके कई समर्थकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। तंवर को जिला कांग्रेस भवन में पहुंचने से पहले ही लघु सचिवालय के बाहर हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शन कांग्रेस भवन से शुरू होना था।
जींद के नगूरां गांव में प्रदर्शन करते इनेलो कार्यकर्ता।
उधर, जींद के बाहर नगूरां गांव में इनेलो कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जींद शहर की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी इनेलो कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया गया। हिसार सहित कई जिलों के इनेलो नेताओं को जींद में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिसार के नारनौंद व अन्य जगहों पर रखा गया है। इनेलो विधायक पिरथी सिंह काे भी गिरफ्तार किया गया है।
नहीं चली लंबे रूट की बसें
जींद से लंबे रुट की बसें नहीं चली हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। दूसरी ओर, जींद में बाइक रैली को एनजीटी को क्लीन चिट दे दी है। एनजीटी ने कहा कि रैली शुरू होने के बाद इस तरह की याचिका का औचित्य नहीं है।