वोडा, आइडिया, एयरटेल और जियो ने अप्रैल में 10,000 करोड़ का स्पेक्ट्रम बकाया चुकाया

देश की प्रमुख टेलिकॉम कंपनियों वोडाफोन-आइडिया, भारती एयरटेल और रिलायंस जियो ने सरकार को अप्रैल महीने का 10,000 करोड़ से अधिक रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया चुका दिया है। हालांकि कर्ज में डूबी रिलायंस कम्युनिकेशन्स अभी तक 492 करोड़ रुपये का बकाया नहीं जमा करा पाई है। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।

इस मामले से जुड़े सूत्र ने पीटीआई को बताया कि देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया ने 6,277.1 करोड़ रुपये का भुगतान दूरसंचार विभाग को किया है। इससे पिछली किस्त के तहत कंपनी ने मार्च में 3,042.7 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। कंपनी फिलहाल 25,000 करोड़ रुपये का राइट इश्यू लाने की तैयारी कर रही है। वहीं दूसरी तरफ भारती एयरटेल ने 2,745.8 करोड़ रुपये, जबकि रिलायंस जियो ने 1,109.1 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

हालांकि कर्ज में डूबी अनिल अंबानी की कंपनी आरकॉम (रिलायंस कम्युनिकेश्स्म) ने अभी तक अपने 492 करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान नहीं किया है। आमतौर पर दूरसंचार विभाग की ओर से कंपनियों को बकाया भुगतान करने के लिए, अदा करने की तारीख से 10 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाता है।

भारती एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और रिलायंस जियो को इस संबंध में एक मेल किया गया, हालांकि उनकी ओर से इस पर कोई जवाब नहीं मिल पाया। वहीं रिलायंस कम्युनिकेशंस ने भी इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार किया। लेकिन इंडस्ट्री के एक विश्लेषक ने बताया कि आरकॉम ने दूरसंचार विभाग को कई बार पत्र लिखकर अतिरिक्त बैंक गारंटी लौटाने को कहा है। गौरतलब है कि टेलिकॉम ऑपरेटर्स को अगली किस्त सितंबर-अक्टूबर माह में चुकानी है।

  • Related Posts

    मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों की बदलेगी तस्वीर, सीएम मोहन यादव ने शुरू किया विकास अभियान

    बालाघाट के चार विकासखंडों में गांव-गांव पहुंच रहे अधिकारी, ग्रामीणों से सुझाव लेकर तैयार होगी विकास की कार्ययोजना भोपाल। मध्य प्रदेश में नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आए क्षेत्रों को…

    शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का निधन, जैत गांव में दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

    भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस, साकेत नगर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर ले जाया जाएगा पैतृक गांव भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता…