कोरोना वायरस पर अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के फैसले से दुनिया हैरान

वॉशिंगटन
अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीत रहा है और जल्‍द ही वाइट हाउस में बनाए गए कोरोना वायरस टास्‍क फोर्स को भंग कर दिया जाएगा। इस बीच अमेरिका के उपराष्‍ट्रपति माइक पेंस ने कहा है कि आने वाले कुछ ही सप्‍ताह में इस टास्‍क फोर्स को भंग कर दिया जाएगा। ट्रंप ने यह ऐलान ऐसे समय पर किया है जब अमेरिका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्‍या 72 हजार को पार कर गई है।
ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस का प्रकोप कम हो रहा है और यह युद्ध अब अगले चरण में पहुंच गया है जो है देश को बहुत ही सुरक्षित, चरणबद्ध तरीके से तथा धीरे-धीरे फिर से खोलना। ट्रंप ने फोनिक्स में हनीवेल इंटरनैशनल में अपनी टिप्पणी में कहा, ‘हमारे नागरिकों की प्रतिबद्धता के लिए उनका शुक्रिया। हमने खतरे को पार कर लिया है और असंख्य अमेरिकियों की जान बचा ली गई है। हमारा देश लड़ाई के अगले चरण में है। देश को बहुत ही सुरक्षित, चरणबद्ध तरीके से और धीरे-धीरे फिर से खोला जा रहा है।’

अमेरिका में 12 लाख से अधिक लोग संक्रमित
अमेरिका के जॉन्स हॉप्किन्स विश्वविद्यालय के अनुसार मंगलवार तक इस जानलेवा विषाणु से 72,000 से अधिक अमेरिकी जान गंवा चुके हैं और 12 लाख से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। देश में पिछले एक हफ्ते में नए मामले और मरने वाले लोगों की संख्या में गिरावट आई है जिसके चलते ट्रंप यह कह पाए कि देश खतरे की स्थिति से बाहर निकल आया है। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक महामारी ने अमेरिका में आपूर्ति श्रृंखला बनाए रखने का महत्व तथा देश में एक मजबूत घरेलू विनिर्माण ठिकाना बनाने की महत्ता समझा दी है।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं लंबे समय से इसके बारे में बात करता रहा हूं। अक्सर आप देखोगे कि किसी दूसरे देश में ऐसा संयंत्र काम कर रहा है जो आपके यहां भी चल सकता है तथा आप इसे बेहतर करोगे।’ उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन सीधे-सादे नियमों पर भरोसा रखता है यानी अमेरिका में बनी वस्तुएं खरीदो और अमेरिकियों की भर्ती करो। उन्होंने कहा, ‘हमारे देश के लोग योद्धा हैं। आपकी मदद से हम विषाणु को हरा देंगे और अमेरिकी दिल, अमेरिकी हाथों, अमेरिकी गौरव और अमेरिकी आत्मा के साथ महान और यशस्वी भविष्य का निर्माण करेंगे।’

ट्रंप ने कोरोना वायरस को कठोर दुश्मन बताया
मास्क बना रही हनीवेल फैक्ट्री के अपने दौरे का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे उच्च गुणवत्ता के एन95 मास्क बना रहे हैं। इससे पहले अमेरिका के मूल निवासियों के साथ बातचीत में ट्रंप ने कोरोना वायरस को कठोर दुश्मन बताया। उन्होंने कहा, ‘लेकिन हम जीत रहे हैं और अपने देश को फिर से पटरी पर आते हुए देख रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि लेकिन अभी मकसद हासिल नहीं हुआ है।

ट्रंप के फैसले कोरोना के व‍िशेषज्ञ भी हैरान
टास्‍क फोर्स को भंग करने के इस फैसले से दुनियाभर के विशेषज्ञ हैरान हैं। उनका कहना है कि अगर अमेरिका में लॉकडाउन को खत्‍म किया गया तो आने वाले समय में कोरोना वायरस का दूसरा हमला हो सकता है। अमेरिका में औसतन एक हजार लोग प्रतिदिन कोरोना वायरस से मर रहे हैं। स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर बिजनस को फिर से खोला गया तो अमेरिका में फिर से कोरोना वायरस बढ़ सकता है।

  • Related Posts

    केशम द्वीप पर धमाकों से ईरान-अमेरिका के बीच फिर बढ़ा तनाव, दोनों देशों में चेतावनी और बातचीत का दौर जारी

    होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुए धमाकों की ईरानी मीडिया ने दी जानकारी, अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से हमलों को बताया गया रक्षात्मक कार्रवाई; समझौते की संभावनाओं के बीच बढ़ी सैन्य…

    मुरैना में दवाओं की आड़ में नशे का कारोबार? बिना पर्चे बिक रही Pregacap-300, मेडिकल स्टोर का वीडियो वायरल

    मुरैना। शहर में मेडिकल स्टोर्स पर दवाओं की कथित अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। नशे के लिए दुरुपयोग के आरोपों के बीच Pregacap-300 टैबलेट को बिना डॉक्टर के…