पीएम मोदी 1 अप्रैल को भोपाल में

प्रधानमंत्री संयुक्त कमांडर सम्मेलन-2023 में सम्मिलित होंगे
– Mar 30, 2023
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एक अप्रैल, 2023 को भोपाल का दौरा करेंगे। प्रातः लगभग 10 बजे प्रधानमंत्री भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में संयुक्त कमांडर सम्मेलन-2023 में सम्मिलित होंगे। उसके बाद लगभग सवा तीन बजे, प्रधानमंत्री भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर भोपाल और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

संयुक्त कमांडर सम्मेलन-2023

सैन्य कमांडरों का तीन दिवसीय सम्मेलन 30 मार्च से एक अप्रैल, 2023 तक आयोजित किया जायेगा। सम्मेलन की विषयवस्तु ‘रेडी, रीसर्जन्ट, रेलेवेंट’ है। सम्मेलन के दौरान सशस्त्र बलों की युद्धभूमि की संयुक्त तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। सशस्त्र बलों की तैयारी और ‘आत्मनिर्भरता’ प्राप्त करने की दिशा में रक्षा इकोसिस्टम की प्रगति की भी समीक्षा की जायेगी।

सम्मेलन में तीनों सशस्त्र बलों के कमांडर और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। थलसैनिकों, नौसैनिकों और वायुसैनिकों के साथ समावेशी और अनौपचारिक बातचीत भी होगी। ये सभी चर्चाओं में योगदान करेंगे।

वंदे भारत एक्सप्रेस

वंदे भारत एक्सप्रेस ने देश में यात्रियों के यात्रा-अनुभव को पुनर्भाषित कर दिया है। नई रेलगाड़ी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी। यह देश की ग्यारहवीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। स्वदेशी स्तर पर वंदे भारत एक्सप्रेस को डिजाइन किया गया है, जो उत्कृष्ट यात्रा सुविधाओं से लैस हैं। इस रेलगाड़ी से सभी यात्रियों को तेज, आरामदेह और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव होगा, क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा और आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।

***

  • Related Posts

    इंदौर अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0: MP में 2047 तक 20 लाख रोजगार का लक्ष्य, 15 नई टाउनशिप बसाने की तैयारी

    By: Ravindra Singh इंदौर। मध्य प्रदेश में शहरी विकास को नई दिशा देने और निवेश के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2047…

    केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, महंगाई भत्ता 3% बढ़कर 63% हुआ

    पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी बढ़ोतरी, 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी नई दरें केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को दिवाली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते…