करीब 6 हजार लोग परेशान, वर्षों पहले पूरी रकम जमा करने के बावजूद नहीं मिला समाधान
इंदौर। स्कीम नंबर 171 में प्लॉट की समस्या से परेशान रहवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए करीब 100 पीड़ित महिला-पुरुष एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने अपनी समस्याएं बताते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की।
आईडीए के चक्कर लगाने के बावजूद नहीं मिली राहत
पीड़ितों का दावा है कि वे कई साल पहले प्लॉट के लिए पूरी रकम जमा कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि वे बार-बार इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल पाई है। इस मामले से करीब 6 हजार लोगों के प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
आर्थिक तंगी से परिवार परेशान, बच्चों की पढ़ाई और शादियां प्रभावित
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि प्लॉट की समस्या के चलते उनके परिवार लंबे समय से आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालात का असर बच्चों की पढ़ाई और परिवार में होने वाली शादियों तक पर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री से जल्द कार्रवाई की उम्मीद
पीड़ितों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अपनी आखिरी उम्मीद बताते हुए मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। मुलाकात के बाद उन्हें शीघ्र कार्रवाई का भरोसा मिलने की बात कही गई है। अब प्रभावित परिवारों को इंतजार है कि उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।




