‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ : एमपी की ‘लाडली बहनों’ के चेहरे पर आएगी मुस्कान, खाते में आने वाली है योजना की पहली किस्त

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) की महत्वकांक्षी ‘लाडली बहना योजना’ (Ladli Behna Yojana) के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है. सीएम शिवराज के लिए एक बार फिर सत्ता हासिल करने का मूलमंत्र मानी जा रही इस योजना के लिए कल 10 जून सबसे बड़ा दिन है. योजना के तहत सवा करोड़ महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये महीने की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

यहां बताते चलें कि ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है. शनिवार 10 जून को संस्कारधानी जबलपुर से सीएम शिवराज सिंह चौहान योजना की पहली किस्त महिलाओं के खाते में अंतरित करेंगे. सीएम चौहान ने कहा है कि ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ में 10 जून को जबलपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ हो. इस दिन बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से एक-एक हजार रुपये अंतरित किए जाएंगे.

सीएम शिवराज ने की उत्सव मनाने की बात
गौरतलब है कि सीएम शिवराज ने सभी बहनों से आग्रह किया कि 10 जून की शाम को जब लाडली बहना योजना की राशि उनके खाते में डाली जाएगी तो वे उत्सव ज़रूर मनाएं. अपने घरों में एक दीपक ज़रूर जलाएं.

पिछले दो महीने से राज्य के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रहे महिला सम्मेलन में सीएम शिवराज कह रहे हैं, ‘मेरी जिंदगी का मकसद बहनों की जिन्दगी को बेहतर बनाना है. प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिये अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन योजनाओं में से अनूठी ‘लाडली बहना योजना’ से बहनों में आत्म-निर्भरता आएगी.’

मॉनिटरिंग के लिए बनाई गई ‘लाडली बहना सेना’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 10 जून को बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपये भेजे जाएंगे. बहनें अगले दिन यानी 11 जून को इस राशि को बैंक से निकालकर खर्च कर सकेंगी. उन्होंने कहा, ‘महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं की मैदानी स्तर पर निगरानी के लिये हर गांव में ‘लाडली बहना सेना’ भी बनाई जा रही है. बहनें बेहिचक योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाली गड़बड़ियों की जानकारी मुझे दें. मैं गड़बड़ी करने वालों को छोड़ूंगा नहीं.’

जबलपुर में आयोजित हो रहा लाडली बहना योजना कार्यक्रम
लाडली बहना योजना के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने गुरुवार को वर्चुअल मीटिंग ली. बैठक में भार्गव ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूप रेखा की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सबसे ज्यादा लोकप्रिय और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये शुरू की गई ‘लाडली बहना योजना’ का यह कार्यक्रम गरिमामय और भव्यतम हो. कार्यक्रम को और आकर्षक और प्रभावी बनाने के लिये उन्होंने नवाचार करने पर भी जोर दिया.

गोपाल भार्गव ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि महिलाओं के आर्थिक कल्याण के लिये किया जाने वाला यह कार्यक्रम जबलपुर की पावन धरा पर आयोजित हो रहा है. 10 जून को जिले की 3.81 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा, जबकि पूरे प्रदेश में 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये की पहली किस्त अंतरित की जाएगी.

  • Related Posts

    MP High Court: शिक्षकों को 2006 से छठे वेतनमान का लाभ देने के लिए 4 सप्ताह का समय, 70 हजार कर्मचारियों को मिल सकती है राहत

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के हजारों शिक्षकों के लिए छठे वेतनमान से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को पुराने आदेश…

    पसला की आदिवासी महिला सरपंच के साथ मारपीट और जबरन हस्ताक्षर कराने का मामला: FIR दर्ज होने के बाद समाप्त हुआ धरना

    बिल-वाउचर पर दस्तखत के विवाद को लेकर हुआ था हंगामा ग्राम पंचायत पसला की महिला सरपंच संतरी सिंह के साथ मारपीट और जबरन बिल-वाउचरों पर हस्ताक्षर कराने का एक गंभीर…