ईरानी डेरे में कुख्यात राजू को लेने डेरा डालती थी पांच राज्यों की पुलिस, लेकिन शिकंजे में आते ही रिमांड में लेने तक नहीं आई

भोपाल.

अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे के सरदार जिस कुख्यात बदमाश राजू ईरानी को पकड़ने के लिए भोपाल में पांच राज्यों की पुलिस लंबे समय तक डेरा डाले रहती थी, उसके गिरफ्त में आने के बाद कोई भी पुलिस एजेंसी उसे लेने तक नहीं पहुंची।

आखिरकार सात दिन की रिमांड पूरी होने के बाद भोपाल पुलिस ने राजू को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
निशातपुरा पुलिस के अनुसार राजू पर कोलकाता, पश्चिम बंगाल, गुरुग्राम, महाराष्ट्र, जयपुर और दिल्ली में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। उस पर लूट, संगठित अपराध, धोखाधड़ी और फरारी जैसे मामलों के आरोप हैं।

सूरत क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था
अलग-अलग राज्यों की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी और इनपुट मिलने पर भोपाल में कई बार दबिश भी दी गई थी। पिछले सप्ताह सूरत क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद भोपाल की निशातपुरा पुलिस उसे भोपाल लेकर आई। इसके बाद सात दिनों तक पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन अब तक किसी अन्य राज्य की पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।

14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
इधर, भोपाल पुलिस ने उससे सात दिन की पूछताछ की और फिर शनिवार को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राजू लगातार बीमारी का हवाला देकर बचता रहा। पुलिस ने उससे डोजियर भरवा लिया है, जिसमें उसके करीबी रिश्तेदारों और गुर्गों की जानकारी दर्ज की गई है। एडिशनल डीसीपी जोन-3 मलकीत सिंह ने बताया कि आरोपित से जरूरी पूछताछ हुई है। पहले राजू ने कर्नाटक के पते पर बने पासपोर्ट से विदेश जाने की बात स्वीकारी थी। हालांकि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।

7 से अधिक राज्यों का वांटेड
राजू बीते चार सालों में सात से अधिक राज्यों में वांटेड था। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में मामले दर्ज हैं। राजू सूरत में अपने साढ़ू के घर में छुपा था।

  • Related Posts

    इंदौर में शराब के नशे में दो कारों में तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

    पत्थर और डंडों से फोड़े थे कारों के कांच, घटना का वीडियो हुआ था वायरल इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के पल्हर नगर स्थित 60 फीट रोड पर शराब के नशे…

    साल में सिर्फ करवा चौथ पर खुलता है उज्जैन का चौथ माता मंदिर, सिंदूर-सिक्के और रुद्राक्ष के प्रसाद की अनोखी परंपरा

    जीवनखेड़ी स्थित मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 400 फीट लंबी चुनरी माता को अर्पित उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में करवा चौथ का पर्व विशेष आस्था और परंपरा के साथ…