By: Ravindra Singh
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के लोगों ने पिता-पुत्र के साथ कथित तौर पर लाठियों से मारपीट की। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली का तार लाने पर शुरू हुआ विवाद
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के परम सिंह का पुरा गांव का है। जानकारी के अनुसार, उदय सिंह जाटव का बेटा रंजीत जाटव और भूरा जाटव घर में बिजली की आपूर्ति के लिए दूसरी जगह से तार डालकर ला रहे थे। इसी बात को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पिता को बचाने पहुंचे बेटे के साथ भी मारपीट
शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान हरिसिंह जाटव, उसके बेटे अतेंद्र और प्रमोद तथा भांजे नीकेश जाटव ने उदय सिंह जाटव के साथ मारपीट की। पिता को पिटता देखकर रंजीत जाटव बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। बताया गया है कि पिता-पुत्र को सड़क पर गिराकर लाठियों से पीटा गया, जिससे दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना के बाद पीड़ित पक्ष सिविल लाइन थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




