By: Ravindra Singh
ग्वालियर। शहर के थाटीपुर चौराहे के पास स्थित आई केयर क्लीनिक में रविवार दोपहर मोबाइल फोन में अचानक धमाका होने से हड़कंप मच गया। वेटिंग एरिया में डॉक्टर को दिखाने के लिए बैठे एक युवक के हाथ में मोबाइल फट गया, जिसके बाद फोन में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख क्लीनिक में मौजूद मरीज और उनके परिजन घबराकर बाहर की ओर भागने लगे।
घटना के समय क्लीनिक में अन्य मरीजों के साथ नवजात बच्चे भी मौजूद थे। ऐसे में कुछ देर के लिए वहां दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, क्लीनिक के कर्मचारी ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मोबाइल में ब्लास्ट होने की पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
डॉक्टर को दिखाने आया था युवक, इंतजार के दौरान फटा मोबाइल
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक डॉ. आशुतोष शर्मा से इलाज कराने के लिए आई केयर क्लीनिक पहुंचा था। वह वेटिंग एरिया में बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद मोबाइल फोन अचानक फट गया।
धमाके के साथ ही मोबाइल में आग लग गई और उससे लपटें निकलने लगीं। अचानक हुई इस घटना से आसपास बैठे लोग घबरा गए। कुछ ही पलों में क्लीनिक का वेटिंग एरिया अफरा-तफरी में बदल गया और लोग सुरक्षित जगह की ओर जाने लगे।
नवजात बच्चों की मौजूदगी से बढ़ी लोगों की चिंता
मोबाइल में धमाके और आग लगने के बाद क्लीनिक में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच डर का माहौल बन गया। वहां नवजात बच्चे भी मौजूद थे, जिसके कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई। आग फैलने की आशंका को देखते हुए कई लोग जल्दबाजी में बाहर निकलने लगे।
हालांकि, स्थिति ज्यादा बिगड़ने से पहले ही क्लीनिक के कर्मचारी ने मोर्चा संभाल लिया। उसने बाल्टी से पानी डालकर जलते हुए मोबाइल की आग बुझा दी। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास रखे फर्नीचर और अन्य उपकरणों तक लपटें नहीं पहुंचीं और एक बड़ा हादसा टल गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ मोबाइल ब्लास्ट का घटनाक्रम
क्लीनिक में मोबाइल फोन फटने की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में अचानक हुए धमाके के बाद लोगों के बीच मची अफरा-तफरी देखी जा सकती है। घटना के बाद क्लीनिक में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर मोबाइल फोन में अचानक आग लगने की इस घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




