भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्या कर सोने के दांत और गहने ले गई पड़ोसन, 500 रुपये के विवाद में वारदात का आरोप

शाहजहांनाबाद के बाजपेयी नगर में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

उधार के 500 रुपये देने से इनकार करने पर बुजुर्ग महिला से हुआ था विवाद

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रेखा वाजपेयी को किया गिरफ्तार, लूट का सामान बरामद

भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के आरोप में मृतका की पड़ोसन रेखा वाजपेयी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 500 रुपये उधार नहीं मिलने पर 60 वर्षीय कलारी देवी से विवाद किया और कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह सोने के गहने, दंत आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गई थी।

500 रुपये उधार मांगने पर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी रेखा वाजपेयी महाराष्ट्र के भुसावल की रहने वाली है और नगर मल्टी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के ब्लॉक A-1 में रहती थी। वहीं, मृतका कलारी देवी इसी परिसर के ब्लॉक A-2 में रहती थीं। दोनों एक-दूसरे को जानती थीं।

जांच में सामने आया कि 6 नवंबर को रेखा 500 रुपये उधार मांगने कलारी देवी के घर पहुंची थी। बुजुर्ग महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस का आरोप है कि गुस्से और गहनों के लालच में रेखा ने बुजुर्ग महिला को धक्का देकर गिरा दिया और उनका मुंह व नाक दबाए रखा। दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

सोने के दांत और गहने लेकर हुई फरार

वारदात के बाद आरोपी कथित तौर पर घर से सोने की चेन, सोने के दंत आभूषण, पायल, बिछिया और नकदी लेकर चली गई। बाद में बुजुर्ग महिला का शव घर में मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना और सांस की नली बंद होना बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या और लूट का प्रकरण दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया और सूचना देने वाले के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई।

CCTV फुटेज से मिला सुराग, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी दौरान मृतका के घर के सामने रहने वाली रेखा पर संदेह गहराया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर लूटे गए गहने, नकदी और घटना के समय पहने गए कपड़े व जूते बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

  • Related Posts

    जंगल में हो रहा मंगल! रतनगढ़ माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 घंटे में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

    दीपावली दोज पर शुरू हुआ तीन दिवसीय लक्खी मेला, माता के जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर मेले में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, दर्शन के…

    मुरैना जिला अस्पताल से फिल्मी अंदाज में फरार हुआ कैदी, ड्यूटी पर सोते मिले पुलिसकर्मी; 5 जवान सस्पेंड

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक बंदी पुलिसकर्मियों…

    Leave a Reply