छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस बार खास तैयारियां की हैं। यात्रियों को कंफर्म टिकट और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल ट्रेनों की संख्या में बड़ा इजाफा किया गया है। पिछले साल जहां करीब 400 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, वहीं इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 650 कर दी गई है। इसके अलावा नियमित ट्रेनों में 25 प्रतिशत अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज उपाध्याय के मुताबिक, रेलवे का उद्देश्य छठ पर बिहार और दूसरे राज्यों में अपने घर जाने वाले यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा देना है। इसके लिए ट्रेन ऑन डिमांड की व्यवस्था भी लागू की गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी।
ट्रेन ऑन डिमांड की सुविधा, मांग के 15 मिनट में चलेगी अतिरिक्त ट्रेन
छठ के दौरान अचानक बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने ट्रेन ऑन डिमांड की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत किसी विशेष रूट पर यात्रियों की संख्या और जनरल टिकटों की बिक्री में अचानक बढ़ोतरी होने पर अतिरिक्त ट्रेन चलाने का फैसला लिया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, मांग सामने आने और ट्रेन की घोषणा होने के करीब 15 मिनट के भीतर नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन से अतिरिक्त ट्रेन रवाना करने की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली क्षेत्र से 10 नवंबर को करीब 31 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। वहीं, 11 नवंबर को 31 से अधिक और 12 नवंबर को करीब 29 से 30 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। नई दिल्ली स्टेशन पर नियमित ट्रेनों के अलावा 30 से 35 स्पेशल और ट्रेन ऑन डिमांड सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।
नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन पर बने होल्डिंग एरिया
त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करीब 6,000 वर्ग मीटर का होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। वहीं, आनंद विहार स्टेशन पर लगभग 3,000 वर्ग मीटर का अलग क्षेत्र बनाया गया है।
आरक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए भी करीब 2,500 वर्ग मीटर का होल्डिंग एरिया निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही बैगेज स्कैनिंग मशीनों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे सामान की जांच में लगने वाला समय कम किया जा सके।
रेलवे की कोशिश है कि यात्रियों को ट्रेन आने से पहले प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत न पड़े और स्टेशन परिसर में भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे।
700 AI कैमरों से निगरानी, छठ सीजन में चलेंगी 6,200 ट्रेनें
भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए रेलवे आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करीब 700 AI आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा पहली बार AI हेड काउंट सिस्टम भी शुरू किया गया है। इस तकनीक की मदद से स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद यात्रियों की संख्या का अनुमान लगाया जा सकेगा।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिल्ली क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की संख्या में लगभग 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और सीढ़ियों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटरों की व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, छठ सीजन के दौरान कुल करीब 6,200 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। पिछले साल की तुलना में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही में लगभग 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों, बेहतर सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के जरिए यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।





