डिंडौरी में रसगुल्ला बताकर खिलाया सुअर मार बम, मुंह में विस्फोट से युवक की मौत

मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में विस्फोट से मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने युवक को रसगुल्ला बताकर सुअर मार बम खाने के लिए दे दिया। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

आग तापते समय युवक को दिया विस्फोटक

मामला डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव का है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेन्द्र बरौतिया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम राजेन्द्र परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया।

आरोप है कि बातचीत के दौरान रामभगत ने सुअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को दे दिया। राजेन्द्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रखा और चबाया, तभी तेज धमाका हो गया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो राजेन्द्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

धमाके में राजेन्द्र का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया था। परिजन उसे तत्काल ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि, चोटें गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मामला दर्ज किया है।

विस्फोटक कहां से आया, पुलिस कर रही जांच

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी के पास सुअर मार बम कहां से आया और उसने इसे राजेन्द्र को किस मंशा से दिया था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश या सुनियोजित साजिश तो नहीं थी।

  • Related Posts

    करीना कपूर के पेंडेंट पर भोपाल में विवाद, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कांग्रेस नेताओं को घेरा

    बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान के एक पारंपरिक पेंडेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब भोपाल में सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले में मुस्लिम…

    शहडोल अस्पताल में डॉक्टर को बचाने भीड़ के सामने डटीं महिला सिविल सर्जन, वीडियो वायरल

    मध्य प्रदेश के शहडोल जिला अस्पताल में तीन युवकों की मौत के बाद परिजनों और उनके साथ आए लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर के…

    Leave a Reply