उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती परंपरागत विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना भी भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने अपने भाई और भतीजे के साथ भस्म आरती में हिस्सा लिया और नंदी हाल में बैठकर शिव मंत्रों का जाप किया। दर्शन के बाद रैना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल के दरबार में उन्हें एक अलग ही स्तर की ऊर्जा महसूस हुई।
भाई और भतीजे के साथ पहुंचे महाकाल मंदिर
सुरेश रैना ने बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मंदिर परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक माहौल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह अपने भाई और भतीजे के साथ भगवान का आशीर्वाद लेने आए हैं। दर्शन करके उन्हें बेहद अच्छा महसूस हुआ।
रैना ने कहा, “अपने भाई और भतीजे के साथ आया हूं। बाबा के दर्शन कर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां एक अलग लेवल की ऊर्जा महसूस हुई।” उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में लगना शुरू हो गए थे। उनके मुताबिक, बाबा के आशीर्वाद से सभी लोग पूरी निष्ठा के साथ सेवा में जुटे हुए हैं। नंदी हाल में बैठकर शिव मंत्रों का जाप करना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।
ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई भस्म आरती
शुक्रवार तड़के मंदिर की परंपरा के अनुसार सबसे पहले भगवान वीरभद्र से अनुमति ली गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्री महाकाल के जयकारे लगाए। घंटियों, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
कपाट खुलने के बाद पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान का जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान महाकाल को मुकुट धारण कराया गया और उनका विशेष शृंगार किया गया।
रजत चंद्र और त्रिशूल से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती का विशेष महत्व
भस्म आरती से पहले बाबा महाकाल को रजत चंद्र, त्रिशूल और मुकुट से सजाया गया। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इसके बाद झांझ-मंजीरे, डमरू, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर परिसर में जय श्री महाकाल के जयकारे गूंजते रहे।
महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती का धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की जाती है। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद बाबा महाकाल अपने दिव्य स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इस अनूठी आरती में शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में भक्त रात से ही कतारों में लगकर अपने आराध्य के दर्शन के लिए पहुंचे।




