छठ महापर्व पर PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, बोले- छठी मइया का आशीर्वाद सबको मिले

नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। देशभर में इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छठ घाटों की साफ-सफाई और सजावट से लेकर बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी तक तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दिया शुभकामना संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट साझा कर छठ महापर्व की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान की शुरुआत पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

पीएम मोदी ने नहाय-खाय का उल्लेख करते हुए सभी व्रतियों को नमन किया। उन्होंने कामना की कि छठी मइया का आशीर्वाद सभी लोगों को प्राप्त हो। प्रधानमंत्री का यह संदेश छठ पर्व के अवसर पर देशभर के श्रद्धालुओं के लिए शुभकामना संदेश के रूप में सामने आया है।

नहाय-खाय से उगते सूर्य को अर्घ्य तक, चार दिन चलेगी पूजा

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्ध और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसके बाद शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं, सोमवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। नदियों और तालाबों के किनारे घाटों को सजाया गया है। बाजारों में फल, सूप, दउरा और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है।

मुंबई में छठ को लेकर विवाद, रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़

महाराष्ट्र में भी छठ पूजा की तैयारियों के बीच मुंबई में इसे लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया है। रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने और जुहू बीच पर पूजा आयोजन को लेकर उद्धव ठाकरे की शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने विरोध जताया है। दोनों दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है।

वहीं, रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर भारतीय यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर छठ से संबंधित घोषणाएं की जा रही हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर यात्रियों को जानकारी देने के लिए बीच-बीच में छठ गीत भी बजाए जा रहे हैं।

दूसरी ओर, छठ मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों की ओर रवाना हो रहे हैं। इसके चलते प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

  • Related Posts

    नीमन तिराहे पर भीषण सड़क हादसा, आपस में टकराए तीन ट्रक; केबिन में फंसे चालक का सुबह तक चला रेस्क्यू

    दमोह। दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे स्थित नीमन तिराहे पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां तीन ट्रक आपस में टकरा गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस…

    विकसित भारत के लिए 2047 तक इंतजार जरूरी नहीं, छोटे लक्ष्य हासिल कर आगे बढ़ें: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए साल 2047 की समयसीमा तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। देश इस लक्ष्य की दिशा…

    Leave a Reply