जहरीले पानी से मौतों और चैंबर हादसों को लेकर जिम्मेदारों से मांगा जवाब, शहरवासियों से माफी मांगने की कही बात
अवैध शराब के कारोबार पर मुख्यमंत्री को दी चुनौती, बोले- 30 दिन में 50 प्रतिशत शराब माफियाओं का सफाया संभव
सोनिया गांधी की किताब की तारीफ करते हुए कहा- जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं को ईमानदारी से देश-दुनिया के सामने रखा
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग में आई गिरावट को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम परिषद पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगातार स्वच्छता में देश में नंबर वन रहने वाला इंदौर पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय था। इस उपलब्धि के पीछे शहर के नागरिकों और सफाई कर्मचारियों की मेहनत थी, लेकिन अब रैंकिंग में गिरावट ने नगर निगम के कामकाज पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट पर महापौर और नगर निगम को घेरा
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट प्रशासनिक अक्षमता, महापौर की निष्क्रियता और नगर निगम परिषद में भ्रष्टाचार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जहरीले पानी से 36 लोगों की मौत और चैंबर में लोगों की जान जाने जैसी घटनाओं के बाद जिम्मेदारों को अपनी गलतियां स्वीकार करनी चाहिए और शहरवासियों से माफी मांगनी चाहिए। इसके बजाय जिम्मेदारों की ओर से अहंकार दिखाया जा रहा है।
अवैध शराब के कारोबार पर CM को दी चुनौती
देवास शराब कांड और प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी पटवारी ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार गंभीरता से कदम उठाए तो महज 30 दिनों में 50 प्रतिशत शराब माफियाओं का सफाया किया जा सकता है। अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है।
पटवारी के मुताबिक, डिस्टलरी से शराब की दुकानों तक आपूर्ति की पूरी जानकारी प्रशासन और पुलिस के पास रहती है। उन्होंने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री यह नियम लागू करें कि जिस थाना क्षेत्र में अवैध या जहरीली शराब बिकती पाई जाएगी, वहां के थाना प्रभारी (टीआई) को एक साल के लिए निलंबित किया जाएगा। उनके अनुसार, इस तरह की जवाबदेही तय होने से अवैध शराब के कारोबार पर काफी हद तक रोक लग सकती है।
सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी रखी अपनी बात
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों और घटनाओं को ईमानदारी के साथ देश-दुनिया के सामने रखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले और विदेश से आकर भारतीय संस्कृति को आत्मसात करने को महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
पटवारी ने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के विभिन्न पहलुओं को सत्यता के साथ प्रस्तुत किया है। यही वजह है कि पाठकों के बीच इस पुस्तक को पसंद किया जा रहा है।




