इंदौर। चेहरे को गोरा और चमकदार बनाने का दावा करने वाली फेयरनेस क्रीम अब स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के चलते जांच के दायरे में आ गई है। नागपुर में कथित पाकिस्तानी ‘गोरी क्रीम’ के इस्तेमाल के बाद 18 महिलाओं की किडनी प्रभावित होने का मामला सामने आने के बाद मध्य प्रदेश में भी औषधि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में इंदौर में छापेमारी कर करीब 315 पैकेट क्रीम जब्त किए गए हैं। जब्त उत्पादों की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
दो ठिकानों पर छापेमारी, 315 पैकेट जब्त
औषधि विभाग की टीम ने इंदौर के इच्छापुर और रानीपुरा मार्केट में स्थित दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई पद्मश्री एजेंसी और दूसरी रानीपुरा मार्केट स्थित द ब्यूटी बार में की गई। यहां से संदिग्ध फेयरनेस क्रीम के कुल 315 पैकेट बरामद किए गए। विभाग ने जब्त उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही क्रीम में मौजूद रासायनिक तत्वों और उसकी गुणवत्ता के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दुकानदारों ने पाकिस्तानी क्रीम होने के दावे पर उठाए सवाल
कार्रवाई के बाद संबंधित दुकानदारों ने विभाग की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। द ब्यूटी बार के संचालक अलकेश रानीपुरा और पद्मश्री एजेंसी के संचालक रमेश ईरानी का कहना है कि उनके पास उपलब्ध क्रीम पाकिस्तान से नहीं आई है, बल्कि हरियाणा में निर्मित है। दुकानदारों के मुताबिक, पैकेट पर मेड इन इंडिया लिखा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें संबंधित उत्पाद के प्रतिबंधित होने की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उत्पाद की वास्तविक उत्पत्ति और वैधता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
लैब रिपोर्ट के बाद सामने आएगी उत्पाद की वास्तविक स्थिति
नागपुर में 18 महिलाओं की किडनी प्रभावित होने की खबर के बाद इस क्रीम को लेकर स्वास्थ्य विभागों की चिंता बढ़ गई है। इंदौर में जब्त किए गए उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। औषधि विभाग हरियाणा में बताई जा रही निर्माता कंपनी से भी जानकारी जुटा रहा है। अब जांच रिपोर्ट से पता चलेगा कि क्रीम में कौन-कौन से तत्व मौजूद हैं और क्या वे स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं। साथ ही उत्पाद की निर्माण संबंधी जानकारी और सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल की जाएगी।




