भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों और सांस्कृतिक जुड़ाव को एक नई ऊंचाई देते हुए सोमवार को दोनों देशों के बीच विशेष रेल सेवा की शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या धाम और जनकपुर धाम को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने नेपाल के विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के बड़े आर्थिक पैकेज और वहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का कैंपस स्थापित करने की भी घोषणा की।
आपदा के बाद पुनर्निर्माण में सहयोग करेगा भारत
ट्रेन सेवा के शुभारंभ के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच केवल भौगोलिक पड़ोस ही नहीं, बल्कि गहरे अपनेपन और अटूट विश्वास का संबंध है। अगस्त माह में नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से हुए नुकसान पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देश सुख-दुख और चुनौतियों में एक-दूसरे के साझीदार हैं।
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को गति देने के उद्देश्य से भारत 24,000 करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज प्रदान कर रहा है।
‘पड़ोसी प्रथम नीति’ के तहत जारी रही जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति
प्रधानमंत्री ने भगवान श्री राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा संस्कृति व आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत वर्षों से नेपाल के लिए पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य जरूरी सामानों का एक भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता रहा है। पीएम के अनुसार, ‘पड़ोसी प्रथम नीति’ (Neighbourhood First Policy) के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए भारत ने इस वर्ष वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति की गंभीर चुनौतियों के बावजूद नेपाल में ईंधन, उर्वरक और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बाधित नहीं होने दी।
शिक्षा, नवाचार और कृषि क्षेत्र में मिलेंगी नई सौगातें
नेपाल के युवाओं और अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए पीएम मोदी ने कई अहम पहलों का ऐलान किया:
-
IIT कैंपस और इनोवेशन: भारत नेपाल में IIT का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा। इसके साथ ही वहां स्टार्ट-अप इंक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनाए जाएंगे।
-
छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी: नेपाली छात्रों को भारत में कानून (Law) और प्रौद्योगिकी (Technology) की पढ़ाई के लिए मिलने वाली स्कॉलरशिप के अवसरों को बढ़ाया जाएगा।
-
कृषि उद्योग को बढ़ावा: खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) और वैल्यू-एडिशन को प्रोत्साहित करने के लिए भारत नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी मदद करेगा।


